टोंक जिले में पिछले तीन दिन से बारिश का मौसम बना हुआ है। शुक्रवार सुबह भी कई इलाकों में हल्की और रिमझिम बारिश हुई, जबकि टोंक शहर में सुबह तक बारिश नहीं हुई। मौसम विभाग ने आज भी जिले के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है। बीते 24 घंटे में जिले में औसतन 2.7 एमएम बारिश दर्ज की गई, जबकि बीसलपुर बांध में पानी की आवक पिछले दो दिन से स्थिर बनी हुई है। तीसरे दिन भी बना रहा बारिश का मौसम टोंक जिले में लगातार तीसरे दिन शुक्रवार सुबह कई जगह हल्की और रिमझिम बारिश हुई। इससे मौसम सुहाना बना हुआ है। हालांकि टोंक शहर में सुबह तक बारिश नहीं हुई, लेकिन आसमान में बादल छाए रहे और कई जगह रुक-रुककर बूंदाबांदी होती रही। दोपहर और शाम तक बारिश होने के आसार बने हुए हैं। 24 घंटे में 2.7 एमएम औसत बारिश बीते 24 घंटे में शुक्रवार सुबह 8 बजे तक जिले में औसतन 2.7 एमएम बारिश दर्ज की गई। इस मानसून सीजन में अब तक टोंक जिले में 157.22 एमएम यानी 24.1 प्रतिशत बारिश हो चुकी है।जिले में पिछले तीन दिन से तापमान लगभग स्थिर बना हुआ है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री दर्ज किया गया। बीसलपुर बांध में नहीं बढ़ी पानी की आवक बारिश के बावजूद बीसलपुर बांध में पानी की आवक नहीं बढ़ी है। पिछले दो दिन से बांध का जल स्तर 313.62 आरएल मीटर पर स्थिर बना हुआ है। गुरुवार को भी जल स्तर 313.62 आरएल मीटर ही था और शुक्रवार को भी इसमें कोई बढ़ोतरी नहीं हुई। इस साल बांध में उम्मीद के मुताबिक पानी नहीं बढ़ना चिंता का विषय बना हुआ है। हालांकि लोगों को उम्मीद है कि जुलाई की बजाय अगस्त में तेज बारिश होगी और बांध भर जाएगा। पिछले साल 24 जुलाई को खुले थे बांध के गेट पिछले साल जुलाई में अच्छी बारिश होने से 24 जुलाई को ही बीसलपुर बांध के गेट खोल दिए गए थे। इस बार जुलाई में बांध के गेट खुलने की संभावना काफी कम है। फिलहाल बांध करीब पौने दो मीटर खाली है। शुक्रवार सुबह से जिले में घने बादलों की आवाजाही बनी रही। बादलों के कारण सूरज अधिकांश समय दिखाई नहीं दिया, जिससे धूप का असर नहीं रहा और मौसम सुहाना बना रहा। मौसम का आनंद लेने के लिए कई लोग घूमने भी निकले। मौसम विशेषज्ञों का कहना है कि येलो अलर्ट को देखते हुए जिले के कई हिस्सों में तेज बारिश हो सकती है। नालों की सफाई नहीं होने से बढ़ी चिंता टोंक शहर को बाढ़ से बचाने के लिए हर साल छोटे-बड़े नालों की तलझड़ सफाई कराई जाती है, लेकिन इस बार इसमें लापरवाही बरती गई। वार्ड नंबर 15 स्थित सादिया कॉलोनी, सादिया मस्जिद के पीछे और पुलिया के पास रजबन से निकलने वाले नाले की तलझड़ सफाई नहीं हुई। गंदगी जमा होने से पुलिया अवरुद्ध हो गई है। ऐसे में तेज बारिश होने पर नाला ओवरफ्लो होकर बरसाती पानी और गंदगी आसपास के घरों में घुसने की आशंका बनी हुई है, जिससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ सकता है।