अलवर | 9 राज बटालियन एनसीसी की ओर से आयोजित संयुक्त वार्षिक प्रशिक्षण शिविर में मंगलवार को साइबर अपराध जागरूकता एवं प्रेरक कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का उद्देश्य कैडेट्स को ऑनलाइन ठगी, पहचान चोरी, सोशल मीडिया के जोखिमों, डिजिटल सुरक्षा तथा अनुशासन और राष्ट्रसेवा के प्रति जागरूक बनाना रहा। कार्यक्रम में कमांडिंग ऑफिसर लेफ्टिनेंट कर्नल रणयोध सिंह, एडमिन ऑफिसर अरुण यादव, सूचना सहायक उमेश खत्री और एएसआई अजय सिंह मौजूद रहे। विशेषज्ञों ने साइबर अपराध के सामान्य तरीकों, मजबूत पासवर्ड बनाने, गोपनीयता सेटिंग सुरक्षित रखने, संदिग्ध लिंक और कॉल से सतर्क रहने के उपाय बताए। साथ ही किसी भी साइबर अपराध की स्थिति में तुरंत साइबर हेल्पलाइन 1930 और राष्ट्रीय साइबर क्राइम पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की जानकारी दी। कमांडिंग ऑफिसर रणयोध सिंह ने कैडेट्स से नेतृत्व क्षमता, अनुशासन और जिम्मेदारी की भावना विकसित करने का आह्वान किया। वहीं एडमिन ऑफिसर अरुण यादव ने डिजिटल माध्यमों का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और साइबर सुरक्षा नियमों का पालन करने की अपील की।