रोहट थाना पुलिस ने सरहद कलाली और भूरियासनी क्षेत्र में अवैध बजरी खनन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए अवैध बजरी का खनन और परिवहन करते दो ट्रैक्टर-ट्रॉली जब्त कर दोनों चालकों को गिरफ्तार किया है। इनके खिलाफ अलग-अलग मुकदमे भी दर्ज किए गए हैं। उप अधीक्षक (पाली ग्रामीण) अमरसिंह रतनू ने बताया कि रोहट थानाधिकारी पाना चौधरी की टीम को गुरुवार को गश्त के दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि सरहद कलाली व भूरियासनी क्षेत्र में अवैध बजरी का खनन किया जा रहा है। मौके पर दो अलग-अलग स्थानों पर ट्रैक्टर चालक अवैध रूप से बजरी खनन करते पाए गए, जिन्हें पुलिस टीमों ने मौके पर ही पकड़ लिया। रोहट पुलिस ने अवैध बजरी से भरे दोनों ट्रैक्टर-ट्रॉलियों को जब्त कर रोहट के कलाली में चामुंडा नगर निवासी संजय (23) पुत्र श्रवणराम और कालूराम (36) पुत्र मंगलाराम को गिरफ्तार कर लिया। इनके खिलाफ एमएमडीआर एक्ट और बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर गहनता से जांच की जा रही है।