भास्कर संवाददाता|टोंक पार्श्वनाथ दिगंबर जैन चैत्यालय महावीर चौक पुरानी टोंक में दो दिवसीय वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव की शुरुआत घट यात्रा शोभा यात्रा के साथ शनिवार को हुई। प्रवक्ता राजेश अरिहंत ने बताया कि सुबह पार्श्वनाथ चैत्यालय में अभिषेक पूजन के बाद झंडारोहण,आचार्य निमंत्रण के कार्यक्रम पंडित सुरेश शास्त्री निवाई के सानिध्य में हुए। इसके बाद महावीर चौक से शोभायात्रा व घटयात्रा का जुलूस रवाना हुआ। महिलाएं सिर पर मंगल कलश धारण किए हुए हाथों में पचरंगी जैन ध्वज लिए हुए श्रद्धा भाव के साथ भक्ति नृत्य करते हुए चल रही थी। अष्टकुमारियां अखंड सौभाग्यवती इंद्र इंद्राणी आदि जुलूस की शोभा बढ़ा रहे थे। जुलूस में बैंड घोड़ी झांकी के साथ पुरुष हाथों में भगवान पार्श्वनाथ की तस्वीर वाली तख्तियां एवं जैन ध्वज लेकर चल रहे थे। मार्ग में जगह-जगह पुष्प वर्षा कर स्वागत किया। जयपुरिया सदन एवं बाकलीवाल भवन पर अल्पाहार के कराकर स्वागत किया। राजेंद्र कुमार, सुशील कुमार, रमेश कुमार, विनोद, प्रदीप, अनिल, नवीन, प्रवीण आदि मौजूद रहे। वेदी प्रतिष्ठा महोत्सव के व्यवस्थापक दिनेश व पवन गट्टी ने बताया कि दोपहर में हल्दी मेहंदी विनतियों एवं भजन संध्या का कार्यक्रम हुआ। मंजू, रेखा, हेमा, स्नेहा, पिंकी, रेखा, कल्पना, शालू, टोनी, हिना, रीना आदि ने भक्ति नृत्य की प्रस्तुतियां दी। मंच संचालन हिना जैन ने किया। मंजू गट्टी ने बताया कि रविवार सुबह अभिषेक शांति धारा के बाद श्री जी को नवनिर्मित स्वर्ण जड़ित वेदियों में विराजमान किया जाएगा।