गुड़गांव के पास शुक्रवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पिकअप चालक और उसके साथ मौजूद किसान की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा इतना भयंकर था कि पिकअप वाहन पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और उसमें सवार दोनों व्यक्तियों को संभलने तक का मौका नहीं मिला। देई-नैनवा क्षेत्र के बांध से टिंडे की सब्जी लेकर नटवाड़ा निवासी सोराज (45) पुत्र रामजी लाल करीब 15 दिनों से लगातार दिल्ली स्थित आजादपुर मंडी में बेचने के लिए जा रहा था। शुक्रवार शाम करीब 5 बजे वह अपनी पिकअप में टिंडे भरकर दिल्ली के लिए रवाना हुआ था। उसके साथ छावनी टोंक निवासी किसान हेमराज (40) पुत्र फूलचंद कीर भी मौजूद था। दोनों देर रात करीब 2 बजे आजादपुर मंडी पहुंचकर टिंडे की खेप उतार चुके थे और इसके बाद वापस टोंक के लिए लौट रहे थे। वापसी के दौरान गुड़गांव के पास सामने से आ रहे एक तेज रफ्तार ट्रेलर से उनकी पिकअप की सीधी भिड़ंत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी तेज थी कि पिकअप के परखच्चे उड़ गए। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की की सूचना मिलते ही पुलिस की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची और राहत कार्य शुरू किया। पुलिस ने वाहन की तलाशी ली, लेकिन मृतकों के पास कोई पहचान पत्र नहीं मिलने से प्रारंभिक शिनाख्त में दिक्कत हुई। बाद में मोबाइल फोन के जरिए संपर्क कर सोराज के बड़े पुत्र पृथ्वीराज कीर को हादसे की सूचना दी गई, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे। सोराज अपने परिवार का इकलौता कमाने वाला था और उसके दो अविवाहित पुत्र हैं जो पढ़ाई कर रहे हैं। पिता की असामयिक मृत्यु से परिवार पर आर्थिक संकट गहरा गया है। हेमराज के परिवार में दो बेटियां और एक बेटा है। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। पुलिस ने दोनों शवों का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों को सुपुर्द कर दिया है तथा हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर हादसे की वजह तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर मानी जा रही है।