भरतपुर | आगरा–बांदीकुई रेलखंड पर अछनेरा–चिकसाना के बीच रेलवे फाटकों पर मरम्मत कार्य के चलते सड़क यातायात कुछ दिनों के लिए प्रभावित रहेगा। रेलवे ने सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया है, क्योंकि समपार फाटकों पर कार्य बिना यातायात रोके संभव नहीं है। फाटक संख्या-21 (किमी 29/12-13) पर 2 मई को सुबह 8 बजे से 5 मई को शाम 7 बजे तक अनुरक्षण कार्य किया जाएगा। इस दौरान इस फाटक से सड़क यातायात पूरी तरह बंद रहेगा और वाहनों को फाटक संख्या-20 एवं एलएच-22 के रास्ते से निकाला जाएगा। इसी क्रम में फाटक संख्या-23 (किमी 31/16-17) पर 6 मई को सुबह 8 बजे से 7 मई को सुबह 8 बजे तक कार्य प्रस्तावित है। इस अवधि में भी संबंधित फाटक से आवागमन बंद रहेगा और यातायात को फाटक संख्या-24 तथा एलएच-22 के जरिए डायवर्ट किया जाएगा। रेल अफसरों ने बताया कि दोनों फाटकों पर किया जाने वाला अनुरक्षण कार्य रेल संचालन और यात्रियों की सुरक्षा के लिए बेहद जरूरी है।