उदयपुर में प्रताप नगर से बलीचा के बीच स्थित आयड़ नदी पर पुराने हाई लेवल ब्रिज का विस्तार होगा। स्टेट हाइवे-32 जयसमंद रोड स्थित ओवरब्रिज का भी विस्तार किया जाएगा। वहीं उदयपुर शहर में प्रवेश करते समय आने वाले मुख्य मार्ग जैसे गोगुंदा से आने पर बड़गांव से कविता, नाथद्वारा से प्रवेश करने पर अम्बेरी रोड पर, चितौड़गढ़ की तरफ से प्रवेश करने पर देबारी तथा अहमदाबाद की तरफ से प्रवेश करने पर बलीचा वाले मार्गों पर स्वागत द्वार निर्माण किया जाएगा। इसके लिए 3 करोड़ का बजट प्रावधान लिया गया है। उदयपुर विकास प्राधिकरण (UDA) का बजट बुधवार को पारित कर दिया गया। इस बजट में मुख्यमंत्री बजट घोषणा के कार्यों को प्रमुख रूप से लिया गया है। इसके अलावा मास्टर प्लान और जोनल प्लान की सड़कों को भी शामिल किया गया है। पेराफेरी के गांवों के विकास को लेकर भी बजट रखा गया है तो नई आवासीय योजनाओं में पानी के प्रबंध पर पैसा बजट में दिया है। यूडीए चेयरमैन संभागीय आयुक्त प्रज्ञा केवलरमानी की अध्यक्षता में हुई बैठक में बजट पास किया गया। यूडीए कमिश्नर राहुल जैन ने बताया- वित्तीय वर्ष 2025-26 में कुल आय 687.73 करोड़ हुई है, जो कि पिछले वित्तीय वर्ष 2024-25 की तुलना में 379.66 करोड़ से 81.13 प्रतिशत अधिक है। मुख्यमंत्री बजट घोषणा में ये कार्य करेगा यूडीए पेयजल योजना के लिए 17.90 करोड़ राजस्व ग्राम वाड़ा, ढीकली, नोहरा और अंबेरी आवासीय योजनाओं में पेयजल लाइन डालने और यूडीए की अनुमोदित आवासीय कॉलोनियों में पेयजल व्यवस्था करने के लिए सहित अन्य कार्यों के लिए 17.90 करोड़ रुपए रखे गए हैं। वित्तीय वर्ष 2026-27 में कुल राशि 1020.04 करोड़ आय मद में तथा राशि रु. 1020.04 करोड़ का खर्च मद में प्रावधान रखा गया है। व्यय मद में विकास कार्यों के लिए कुल 814.70 करोड़ का प्रावधान लिया गया है। इस राशि में से 336.12 करोड़ रुपए पिछले वित्तीय वर्ष में स्वीकृत कार्य, जो वर्तमान में चल रहे हैं। ये काम वित्तीय वर्ष 2025-26 में पूर्ण होंगे, उन्हें भी शामिल किया गया है। रामगिरी की पहाड़ी ऑक्सीजन हब बनाएंगे बड़गांव में रामगिरी की पहाड़ी को ऑक्सीजन हब के रूप में विकसित करेंगे। इसके लिए 20.05 करोड़ रुपए का बजट में प्रावधान किया गया है। पेराफेरी में ये सड़कें ली गई रेबारियों का गुड़ा, रकमपुरा, झरनों की सराय, एकलिंगपुरा, ढीकली और देबारी में सड़कों के सुदृढीकरण या निर्माण के प्रस्ताव लिए गए। यूडीए की कमाई यहां से हुई, सबसे ज्यादा प्लॉट बेचने से वित्तीय वर्ष 2025-26 में आय के प्रमुख स्त्रोत की बात करें तो यूडीए को भूमि, भवन व भूखंड बेचने से 343.76 करोड़ की आय हुई है। नियमन से कुल राशि 104.74 करोड़, बिल्डिंग प्लान से 5.23 करोड़, लीज से 4.50 करोड़, नामांतरण, उप-विभाजन एवं फ्री-होल्ड लीज से 15.05 करोड़ की आय हुई है। 31 मार्च तक की स्थिति में प्राधिकरण द्वारा आयोजित लॉटरी के तहत 98.66 करोड़ प्राप्त हुए हैं। बैठक में यूडीए के डवलपमेंट डायरेक्टर संजीव शर्मा, एडीएम प्रशासन दीपेंद्र सिंह राठौड़ आदि शामिल हुए।