उदयपुर में तेज रफ्तार डंपर ने बाइक सवार को टक्कर मार दी। डंपर के आगे वाले टायर के नीचे बाइक आ गई। इससे बाइक सवार का एक पैर कुचल गया। इससे रोड पर काफी खून बह गया। वहीं बाइक फंसने से डंपर खराब हो गया। यह हादसा सुखेर थाना क्षेत्र में पेसिफिक हॉस्पिटल भीलों का बेदला के सामने सोमवार शाम करीब 5 बजे हुआ। उदयपुर की तरफ से डंपर गोगुंदा की तरफ जा रहा था। तभी उसने बाइक सवार को चपेट में ले लिया। हादसे के बाद राहगीरों की मदद से घायल को हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां से परिजन उसे इलाज के लिए अहमदाबाद ले गए। मौके से डंपर ड्राइवर फरार हो गया। टक्कर मारते ही खराब हुआ डंपर, मैकेनिक बुलाकर शुरू कराया हादसे के बाद बाइक फंसने से डंपर खराब हो गया। तब तक बाइक डंपर के आगे की टायर के नीचे फंसी रही। हादसे के बाद आसपास लोगों की भीड़ एकत्र हो गई और कुछ देर के लिए हाईवे जाम हो गया। पुलिस ने क्रेन की मदद से डंपर साइड कराया और मैकेनिक बुलाकर डंपर स्टार्ट कराया। इसके बाद क्षतिग्रस्त बाइक और डंपर को थाने ले जाकर खड़ा किया। पुलिस ने कहा- ​परिजनों से रिपोर्ट लेने के बाद मामले में कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ​फरार ड्राइवर की तलाश जारी है।