उदयपुर शहर के टीडी थाना क्षेत्र में उदयपुर-अहमदाबाद नेशनल हाईवे-48 पर सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार बाइक सड़क किनारे खड़े ट्रक के पीछे जा घुसी। हादसा इतना भीषण था कि बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि बाइक पर पीछे बैठी महिला घायल हो गई। हादसा सोमवार रात 10.30 बजे पडूणा गांव के उपला खेड़ा स्थित हाईवे पर हुआ। मौके पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और ट्रैफिक जाम के हालात बन गए। सूचना पर टीडी थानाधिकारी देवेंद्र सिंह मौके पर पहुंचे और घटना का जायजा लिया। पुलिस ने ट्रैफिक व्यवस्था बहाल कराते हुए मृतक के शव को एमबी हॉस्पिटल मोर्च्यूरी में शिफ्ट कराया। आज मृतक का पोस्टमॉर्टक करके शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। महिला की हालत गंभीर, हॉस्पिटल में इलाज जारी थानाधिकारी देवेन्द्र सिंह ने बताया कि बाइक की रफ्तार तेज थी। बाइक अनियंत्रित होने या फिर सामने रोशनी से ट्रक के नजर नहीं आने के कारण हादसा हुआ है। इसमें राजेन्द्र(32) पिता कचरा निवासी पड़दा ऋषभदेव की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बाइक पर पीछे बैठी महिला घायल हो गई। जिसे टीडी में प्राथमिक उपचार के बाद एमबी हॉस्पिटल में रेफर कर दिया गया। महिला को समय पर हॉस्पिटल नहीं पहुंचाते तो उसकी जान जोखिम में जा सकती थी। फिलहाल महिला अपने बारे में कुछ नहीं बता रही है। हमने परिजनों को सूचना दी है। उनकी रिपोर्ट के बाद आगे की कार्रवाई शुरू की जाएगी।