उदयपुर जिले के गोगुंदा इलाके में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो के पलटने से युवक की मौत हो गई। गाड़ी में 3-4 लोगों के साथ युवक चचेरे भाई की शादी में शामिल होने जा रहा था। यह हादसा उदयपुर के गोगुंदा-मोडी रोड पर वणी कट के पास रविवार सुबह 10:20 बजे हुआ। जानकारी के मुताबिक- गोगुंदा के भूताला गांव से मोडी गांव बारात जा रही थी। बारात में शामिल होने के लिए सुरेश (25) पुत्र ख्याली लाल मेघवाल गाड़ी चलाते हुए जा रहा था। गाड़ी की स्पीड ज्यादा होने पर अचानक ड्राइवर सुरेश का मोड़ पर बैलेंस बिगड़ गया। इससे स्कॉर्पियो 3 से 4 बार पलट गई। इससे सुरेश खिड़की से बाहर गिर गया और गाड़ी के नीचे ही दब गया। इससे उसकी मौत हो गई। हादसे के बाद शादी के जश्न वाले घर में चीख-पुकार मच गई। वहीं गाड़ी सवार तीन अन्य युवकों को मामूली चोटें आई हैं। घटना सीसीटीवी में रिकॉर्ड हो गई है। गोगुंदा थाने के ASI नंदलाल नागदा ने बताया- परिजनों ने पोस्टमॉर्टम नहीं करवाया है। वहीं हादसे को लेकर उन्होंने थाने में कोई रिपोर्ट भी नहीं दी है। मोड़ पर तेज स्पीड में कंट्रोल नहीं हुई गाड़ी, अन्य 3 घायल सुरेश स्कॉर्पियो गाड़ी में सवार था, वह गोगुंदा से मोडी की तरफ बारात में शामिल होने जा रहा था। वणी कट के पास अचानक गाड़ी की रफ्तार तेज हो गई तो ड्राइवर उस पर काबू नहीं रख पाया। बताया जा रहा है कि जब गाड़ी पलटी तो झटके के साथ उसकी खिड़की से सुरेश गिर गया और पलटी हुई स्कॉर्पियो के नीचे ही दब गया। गंभीर चोटें आने की वजह से सुरेश ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं गाड़ी में सवार तीन अन्य युवकों को भी मामूली चोटें आई हैं। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल हो गया। वहीं मृतक सुरेश उदयपुर में कंस्ट्रक्शन की साइट पर देखरेख का काम करता था। सुरेश विवाहित था। उसके 5 साल की एक बेटी है। CCTV में कैद हुआ भयानक मंजर हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में दिख रहा है कि स्कॉर्पियो की रफ्तार बहुत ज्यादा थी। हादसे के बाद स्थानीय ग्रामीण मौके पर दौड़े और कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी के नीचे दबे सुरेश को बाहर निकाला। घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से पेसिफिक अस्पताल पहुंचाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद सुरेश को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही गोगुंदा थाने के एएसआई नंदलाल नागदा भी अस्पताल पहुंचे और घायलों से घटना की जानकारी ली। बिना कार्रवाई अंतिम संस्कार सुरेश की मौत की खबर जैसे ही उसके गांव भूताला पहुंची, वहां सन्नाटा पसर गया। जिस घर से बारात की खुशियां निकलनी थी, वहां मातम छा गया। बताया जा रहा है कि मामले में परिजनों ने फिलहाल किसी भी प्रकार की पुलिस कार्रवाई या मामला दर्ज नहीं करवाया है। सुरेश का शव गांव ले जाया गया, जहां गमगीन माहौल में उसका अंतिम संस्कार कर दिया गया। इनपुट - गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा