उदयपुर में चलती हुई एक बस अचानक आग का गोला बन गई। हादसे के समय बस खाली थी। सवारियां लेने ड्राइवर बस लेकर जा रहा था। गनीमत रही कि समय रहते ड्राइवर सुरक्षित बाहर निकल गया। हादसा गोगुंदा-पिंडवाड़ा हाईवे पर सोमवार शाम करीब 5 बजे हुआ। बेकरिया थाना इलाके में टाकरी घाटी के पास लगी बस में आग इतनी भयानक थी कि देखते ही देखते पूरी गाड़ी जलने लगी और आसमान में काले धुएं का गुबार छा गया। अचानक हुए हादसे से हाईवे पर काफी देर तक हड़कंप मचा रहा और राहगीर अपनी गाड़ियां रोककर दूर खड़े हो गए। पहले देखें बस में आग के PHOTOS पिछले टायर में आग लगी, पूरी बस में फैली यह प्राइवेट बस गोगुंदा से बेकरिया की तरफ जा रही थी। बस में जब आग लगी, उस समय बस पूरी तरह खाली थी। अगर बस में सवारियां होतीं तो बड़ी अनहोनी हो सकती थी। कई लोगों की जान खतरे में पड़ सकती थी। हादसे की शुरुआत बस के पिछले टायरों से हुई। चलती बस में अचानक पिछले टायरों से लपटें निकलने लगीं। ड्राइवर डालचंद ने बताया- वे कुछ समझ पाते, आग ने पूरी बस को चपेट में ले लिया। जैसे ही अहसास हुआ कि बस के पीछे से धुआं और लपटें उठ रही हैं। मैंने बिना देर किए बस से कूदकर जान बचाई। सड़क पर मची अफरा-तफरी सड़क पर जलती बस देखकर आसपास के लोगों और राहगीरों में अफरा-तफरी मच गई। हाईवे पर गुजर रहे दूसरे वाहन भी थम गए। स्थानीय लोगों ने तुरंत बेकरिया थाना पुलिस को मामले की जानकारी दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। पुलिस ने सबसे पहले मौके पर भीड़ को दूर हटाया, ताकि किसी तरह का कोई धमाका होने पर नुकसान न हो। आग पर काबू पाने के लिए उदयपुर से फायर ब्रिगेड की गाड़ियों को सूचना दी गई। पुलिस और प्रशासन की टीम ने मौके पर पहुंचकर ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू करने की कोशिश की। फिलहाल बस में आग लगने के असली कारणों का पता नहीं चल पाया है, लेकिन शुरुआती तौर पर माना जा रहा है कि टायर फटने या किसी तकनीकी खराबी की वजह से यह हादसा हुआ होगा। बेकरिया थाना पुलिस अब मामले की जांच कर रही है कि चलती बस में भीषण आग कैसे लगी।