उदयपुर की सेंट्रल जेल में कैदियों द्वारा जेल प्रहरियों से मारपीट का मामला सामने आया है। घटना गुरुवार को हुई है। जेल उपाधीक्षक मोहन मीणा की तरफ से शहर के सूरजपोल थाने में शुक्रवार को मुकदमा दर्ज कराया गया। थानाधिकारी रतन सिंह ने बताया- जेल प्रहरियों द्वारा कैदियों की तलाशी ली जा रही थी। तभी किसी बात को लेकर कैदियों की बहस हो गई। कैदियों ने जेह प्रहरियों से मारपीट शुरू कर दी। इसमें जेल प्रहरियों के मामूली चोटें आई हैं। घटना के बाद तुरंत ​मामला शांत कराया गया। थानाधिकारी ने बताया- कैदियों के खिलाफ राजकार्य में बाधा का मुकदमा दर्ज करते हुए मामले की जांच जारी है। जेल स्टाफ ने कैदियों पर मुश्किल से पाया काबू ​रिपोर्ट में बताया- रूटीन तलाशी अभियान के तहत जेल प्रहरियों द्वारा एक-एक कैदी को चेक किया जा रहा था। तभी कैदियों का प्रहरियों से झगड़ा शुरू हो गया और नौबत हाथापाई तक आ गई। कैदी साहिल अली, जितेन्द्र सिंह, संजय कुमार, विक्रम कुमार और रामहरि ने कैदियों से मारपीट शुरू कर दी। इसमें मुख्य प्रहरी योगेश कुमार, जेल प्रहरी रोहिताश्व जाट, सांवरमल और शिवचरण सिंह पर हमला किया गया। जेल स्टाफ ने मुश्किल से सभी कैदियों पर काबू पाया और स्थिति को काबू में लिया। बता दें जेल में मोबाइल सहित अन्य नशे की चीजें मिलने की शिकायतों के बाद कैदियों की सख्ती से तलाशी ली जाती है।