मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- राजस्थान में अब तक 400 प्रतियोगी परीक्षाओं में से एक बार भी पेपर लीक नहीं हुआ है। हमने 1 लाख 78 हजार युवाओं को नियुक्ति पत्र दे दिए हैं। ढाई साल में 3 लाख 80 हजार लोगों की भर्ती निकाल दी। इसके अलावा राजस्थान में 9 ग्रीन एक्सप्रेस वे बना रहे हैं। सीएम ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस के लोग क्या करते थे, सहकारिता में सदस्य ही नहीं बनाते थे। घंटे दो घंटे के लिए अपने ही लोगों का नाम लेते थे। हमारी सरकार ने पहली बार 10 लाख नए सदस्य जोड़ने का काम किया है। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार कौशल विकास पर विशेष जोर दे रही है ताकि युवा केवल रोजगार तलाशने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनें। इस दौरान जनजाति मंत्री बाबूलाल खराड़ी ने 421 करोड़ रुपए की जगह 121 करोड़ बोल दिया। इस पर लोगों ने उनको टोका तो मुस्कुराते हुए कहा- मैं कम पढ़ा लिखा हूं…गड़बड़ हो जाती है। मुख्यमंत्री ने रविवार को उदयपुर में सुखाड़िया रंगमंच से विकास कार्यों के लोकार्पण एवं शिलान्यास समारोह को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा- उदयपुर में करीब 2100 करोड़ रुपए की विभिन्न परियोजनाएं प्रगति पर हैं। 400 केवी बिजली स्टेशन बनने से क्षेत्र की बिजली व्यवस्था को बड़ी मजबूती मिलेगी। 'नारी शक्ति रैली' में महिला सुरक्षा का दिया संदेश इससे पहले मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने महिला सुरक्षा संकल्प आयोजन के तहत आरसीए परिसर से 'नारी शक्ति रैली' को हरी झंडी दिखाई। रैली आरसीए परिसर से शुरू होकर सूरजपोल, बापू बाजार, देहली गेट होते हुए टाउन हॉल पहुंच कर संपन्न हुई। रैली में कालिका पेट्रोलिंग यूनिट, महिला कॉन्स्टेबल, टूरिस्ट पुलिस, अश्वारोही पुलिस बल, महिला सशक्तिकरण से जुड़ी विभिन्न झांकियां, महिला खिलाड़ी, गाइड, एनएसएस स्वयंसेविकाएं आदि शामिल रहे। रात्रि चौपाल में ग्रामीणों से लिया योजनाओं का फीडबैक सीएम ने शनिवार को झाड़ोल तहसील के बीड़ा गांव में रात्रि चौपाल में लोगों से संवाद कर योजनाओं का फीडबैक लिया। गांव में सुबह मॉर्निंग वॉक के दौरान ग्रामीणों से उनकी दिनचर्या पूछी और गांव की स्थिति जानी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने कहा- यह गांव प्योर किसान और पशुपालकों का गांव है। यहां के लोगों में आत्मीयता का भाव है। गांव की संस्कृति, यहां माता-बहनों का हर क्षेत्र में आगे बढ़ने की तमन्ना है, जो बहुत अच्छी है। सरस डेयरी केंद्र खोला, खेल मैदान के लिए पैसा मंजूर किया सीएम ने कहा- रात्रि चौपाल में कई महिलाओं ने बताया कि पहले हमारी आजीविका अच्छी नहीं थी, लेकिन राजीविका से जुड़ने के बाद वह ढाई से 3 लाख रुपए महीने कमा रही हैं और अपने बच्चों को अच्छी शिक्षा दिला रही हैं। महिलाओं ने बताया कि यहां डेयरी नहीं है दूर जाना पड़ता है, तो हमने यहां सरस डेयरी केंद्र खोलने की घोषणा की है। खेल के मैदान के लिए भी पैसा मंजूर किया है। माता-बहनों ने कहा कि गांव बहुत अच्छा है, साफ है, सुंदर है, लेकिन यहां नाली की आवश्यकता है, तो उसके लिए भी हमने कहा है। सीएम ने कहा- मैंने सभी से कहा है कि गांव में किसी तरह का विवाद नहीं हो, बैठकर विवादों को सुलझाएं। अगर यह काम गांव में होगा तो निश्चित रूप से गांव की समृद्धि होगी। ग्राम चौपाल के माध्यम से हम हमारे गांव को सशक्त बनाएंगे, समृद्ध बनाएंगे। उदयपुर के प्रेमचंद को बनाया किसान ब्रांड एंबेसडर मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने उदयपुर में शाम को राजस्थान अनुसूचित जनजाति परामर्शदात्री परिषद की बैठक ली। इस मौके पर सीएम भजनलाल ने कहा- सभी विभाग क्षेत्र के डवलपमेंट के लिए काम करें। इससे क्षेत्र के हर आदमी तक डबल इंजन सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंच सके। मुख्यमंत्री ने हर 2 महीने में मुख्य सचिव की अध्यक्षता में परिषद की बैठक कर योजनाओं और विकास कार्यों का रिव्यू करने के भी निर्देश दिए। इस मौके पर सीएम ने उदयपुर के प्रेमचंद को किसान ब्रांड एंबेसडर बनाया। --- ये खबर भी पढ़ें… मुख्यमंत्री भजनलाल बोले- गहलोत हेराफेरी अच्छी करते हैं:कांग्रेस में आपको इसके लिए जाना जाता है; डोटासरा की बातों का जवाब देना था मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने कहा- पूर्व मुख्यमंत्री अशोक गहलोत जादूगर हैं। कांग्रेस में आपको हेराफेरी के लिए जाना जाता है। कांग्रेस के लोग कहते हैं कि आप हेराफेरी अच्छी करते हैं। पूर्व सीएम को पीसीसी अध्यक्ष गोविंद सिंह डोटासरा की बातों का जवाब देना था, लेकिन वे बातों को घूमा रहे हैं। (पूरी खबर पढ़ें)