गिफ्ट में सोना-चांदी और विदेशी करेंसी का लालच देकर महिला से 23.28 लाख की ठगी होने का मामला सामने आया है। महिला को अलग-अलग नंबर से वाट्सऐप कॉल किया गया। एक-दो बार इंटरनेशल नंबरों से भी कॉल कर झांसा दिया गया। उदयपुर के वल्लभनगर के पिपली चौक निवासी महिला भूरी देवी (38) पत्नी प्रकाश लोहार ने साइबर थाने में केस दर्ज कराया है। पीड़िता ने रिपोर्ट में बताया कि गिफ्ट में सोना-चांदी तो कभी विदेशी करेंसी का पार्सल भेजने का लालच दिया गया। इसकी एवज में पहले ठगों ने उससे रजिस्ट्रेशन सहित अन्य औपचारिकताओं के नाम पर ऑनलाइन पैसे मांगे। 28 जून से 15 जुलाई 2026 के बीच अपने खाते से अलग-अलग दिनों में 7.74 हजार रुपए ऑनलाइन भेज दिए। इतना ही नहीं, महिला ने अपने रिश्तेदारों और अन्य परिचितों से उधार लेकर करीब 15.50 लाख रुपए ऑनलाइन भेज दिए। बाद में जिन लोगों ने कॉल किए, उनके फोन बंद हो गए। महिला ने खुद को ठगा महसूस किया तो साइबर थाने में इसकी शिकायत दर्ज कराई। बैंक से खातों की डिटेल खंगाल रही पुलिस साइबर थाने के डीएसपी विनय चौधरी ने बताया कि महिला को अलग-अलग नंबर से कॉल करके कभी सोना-चांदी तो कभी विदेशी करेंसी भेजने का लालच दिया गया। जिन खातों में पैसे भेजे गए हैं, हम उन खातों की बैंक से डिटेल मंगवा रहे हैं। जिन नंबरों से कॉल आए थे, उनके नाम-पते भी चेक किए जा रहे हैं। जल्द ही पुलिस इस मामले में कार्रवाई करेगी। डीएसपी ने लोगों से भी अपील की है कि अनजाने कॉल पर किसी के भी बहकावे और लालच में नहीं आएं। अपनी निजी जानकारी किसी को नहीं बताएं।