त्योहारी सीजन में ट्रेनों में बढ़ती भीड़ को देखते हुए रेलवे ने उदयपुर से दिल्ली सराय के बीच साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। यह स्पेशल ट्रेन 21 अक्टूबर से 26 नवंबर के बीच दोनों तरफ से कुल 6-6 फेरे लगाएगी। उदयपुर से यह ट्रेन हर बुधवार रात 9:15 बजे रवाना होगी और दिल्ली से हर गुरुवार दोपहर 1:45 बजे चलेगी। इस नई ट्रेन के चलने से दिवाली और छठ जैसे बड़े त्योहारों पर उदयपुर, चित्तौड़गढ़, भीलवाड़ा, अजमेर और जयपुर के आसपास के इलाकों से दिल्ली आने-जाने वाले हजारों यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने में बड़ी आसानी होगी। उत्तर-पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया- गाड़ी संख्या 09617 उदयपुर सिटी-दिल्ली सराय साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 21 अक्टूबर से 25 नवंबर तक चलेगी। यह ट्रेन हर बुधवार को उदयपुर सिटी से रात 9:15 बजे रवाना होगी और अगले दिन सुबह 11:15 बजे दिल्ली सराय स्टेशन पहुंचेगी। वापसी में 22 अक्टूबर से चलेगी स्पेशल ट्रेन वहीं वापसी में गाड़ी संख्या 09618 दिल्ली सराय-उदयपुर सिटी साप्ताहिक स्पेशल ट्रेन 22 अक्टूबर से 26 नवंबर तक संचालित होगी। यह ट्रेन हर गुरुवार को दिल्ली सराय से दोपहर 1:45 बजे रवाना होगी और अगले दिन तड़के सुबह 4:00 बजे उदयपुर सिटी पहुंचेगी। यह स्पेशल ट्रेन रास्ते में दोनों तरफ से कुल 14 प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी। इसमें मावली, चंदेरिया, भीलवाड़ा, बिजयनगर, अजमेर, किशनगढ़ और फुलेरा स्टेशन शामिल हैं। इसके आगे यह ट्रेन रींगस, नीमकाथाना, नारनौल, अटेली, रेवाड़ी, गुरुग्राम और दिल्ली कैंट स्टेशनों पर भी ठहराव करेगी। रींगस में ठहराव होने से खाटूश्यामजी जाने वाले भक्तों को भी सीधा फायदा मिलेगा। यात्रियों की सुविधा के लिए इस ट्रेन में कुल 22 डिब्बे लगाए गए हैं। इसमें एसी से लेकर जनरल तक हर वर्ग के यात्रियों का ध्यान रखा गया है। ट्रेन में सेकंड एसी के 2, थर्ड एसी के 6 और थर्ड एसी इकोनॉमी के 2 डिब्बे होंगे। इसके अलावा स्लीपर क्लास के 6 और जनरल (साधारण) श्रेणी के 4 डिब्बे लगाए गए हैं। साथ ही 1 गार्ड डिब्बा और 1 पावरकार डिब्बा भी इस ट्रेन में शामिल रहेगा।