उदयपुर में नगर निगम की ओर से लगने वाले दीपावली मेला 2026 में इस बार बिजली गुल होने पर भी अंधेरा नहीं होगा। मेले में रोजाना आने वाले हजारों लोगों, दुकानदारों और कलाकारों की सुरक्षा के लिए यहां 12 घंटे तक चलने वाली आपातकालीन (इमरजेंसी) लाइटों का इंतजाम रहेगा। इसके साथ ही दिवाली के मौके पर शहर के सभी प्रमुख चौराहों और पुलियाओं को भी रंग-बिरंगी लाइटों से सजाया जाएगा। नगर निगम परिसर में महापौर पारस सिंघवी की अध्यक्षता में सोमवार को हुई विद्युत व्यवस्था समिति की बैठक में यह निर्णय लिया गया। समिति अध्यक्ष विजय आहूजा ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि मेले के दौरान बिजली व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। अक्सर मेलों में भारी भीड़ के दौरान अचानक बिजली कटने से अंधेरा छा जाता है। इससे लोगों में अफरा-तफरी मचने, चोरी या छेड़छाड़ जैसी घटनाओं का डर रहता है। इसी खतरे को देखते हुए नगर निगम ने इस बार मेले में मजबूत पावर बैकअप रखने की तैयारी की है। समिति अध्यक्ष आहूजा ने कहा कि अगर किसी तकनीकी खराबी से मुख्य बिजली सप्लाई बंद भी हो जाती है, तो भी मेला परिसर में तुरंत इमरजेंसी लाइटें चालू हो जानी चाहिए। इसके लिए 12 घंटे तक लगातार काम करने वाली इमरजेंसी लाइटों की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा गया है। मेले से पहले जांचे जाएंगे सारे उपकरण, मौके पर तैनात रहेंगे कर्मचारी बैठक में विजय आहूजा ने महापौर पारस सिंघवी को अब तक हुए बिजली से जुड़े कामों की जानकारी दी और आगे के कामों पर चर्चा की। मेले में आने वाले आम लोगों, व्यापारियों और कर्मचारियों की सुरक्षा को सबसे ऊपर रखते हुए समय से पहले सभी बिजली उपकरणों और तारों की जांच करने के निर्देश दिए गए हैं। ताकि शॉर्ट सर्किट या करंट फैलने जैसी कोई घटना न हो। इसके अलावा मेले के दौरान बिजली से जुड़ी किसी भी तकनीकी खराबी को तुरंत ठीक करने के लिए मौके पर ही तकनीकी कर्मचारियों की टीम मुस्तैद रहेगी। शहर के चौराहों और पुलियाओं पर होगी आकर्षक लाइटिंग मेला परिसर के अलावा पूरे उदयपुर शहर में भी त्यौहार की रौनक नजर आएगी। बैठक में तय किया गया कि इस साल भी शहर के सभी प्रमुख चौराहों और पुलियाओं पर विशेष लाइटिंग (विद्युत सज्जा) की जाएगी। इससे दिवाली के दिनों में पूरा शहर रोशनी से जगमगाता हुआ नजर आएगा और बाहर से आने वाले पर्यटकों को भी शहर का सुंदर रूप देखने को मिलेगा। बैठक में ये पदाधिकारी रहे मौजूद इस समीक्षा बैठक में सोमवार को विद्युत समिति अध्यक्ष विजय आहूजा, संयोजक आकाश वागरेचा, बाबूलाल नागौरी, किशोर सिंह देवड़ा, अलका गुर्जर, डिम्पल कुंवर, रितेश पाटीदार, राजकुमार मांडलिया और नितिन चौहान सहित निगम के संबंधित अधिकारी मौजूद रहे। सभी को तय समय में लाइटिंग और सुरक्षा के काम पूरे करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।