राजस्थान सरकार ने शिक्षा विभाग में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया है। राज्यभर में 138 जिला शिक्षा अधिकारियों (DEO) और उप निदेशकों (DD) के तबादले एवं नवीन पदस्थापन के आदेश जारी किए गए हैं। संयुक्त शासन सचिव (आईएएस) महेंद्र कुमार खींची द्वारा जारी ये आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। सलूंबर जिले को नया जिला शिक्षा अधिकारी मिला है। उदयपुर से डॉ. लोकेश भारती को सलूम्बर का नया DEO नियुक्त किया गया है। गौरतलब है कि डॉ. लोकेश भारती को एक दिन पहले ही संयुक्त निदेशक (JD) का दायित्व सौंपा गया था, लेकिन ताजा आदेश में उन्हें सलूंबर जिले की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी गई है। इस व्यापक बदलाव का उद्देश्य शिक्षा विभाग की प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी और परिणाममुखी बनाना है। तबादला सूची में जिला शिक्षा अधिकारियों के साथ-साथ मुख्य ब्लॉक शिक्षा अधिकारी (CBEO), जिला शिक्षा एवं प्रशिक्षण संस्थान (DIET) के प्रधानाचार्य और समग्र शिक्षा अभियान (SMSA) के अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयकों (ADPC) के पदों पर भी बड़े स्तर पर बदलाव किए गए हैं। शिक्षा विभाग के इस फैसले को जिले की शैक्षणिक व्यवस्था में नई कार्यशैली और प्रशासनिक गति लाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। राज्य सरकार का मानना है कि ये तबादले प्रशासनिक दक्षता बढ़ाने, योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन और विद्यालयी शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार लाने में सहायक होंगे।