उदयपुर नगर निगम के पास स्थित एक दुकान के बाहर नाली में कुत्ता फंस गया। 10 घंटे से फंसे कुत्ते का फायर ब्रिगेड टीम ने रेस्क्यू किया है। कुत्ता दुकान की सीढ़ियों के नीचे संकरी नाली में फंस गया था। फायर ब्रिगेड टीम ने काफी मशक्कत के बाहर सुरक्षित बाहर निकाला। घटना बीती देर रात की है। दरअसल सीढ़ियों के नीचे नाली में कुत्ते के बार-बार चीखने की आवाज आ रही थी। जिसके बाद दुकानदार जयवंत भैरविया सहित अन्य व्यापारी मौके पर पहुंचे। व्यापारियों ने फंसे कुत्ते को बाहर निकालने की काफी कोशिश की लेकिन सफल नहीं हुए। इसके बाद फायर ब्रिगेड की टीम को बुलाया गया। चीफ फायर ब्रिगेड ऑफीसर बाबूलाल चौधरी के निर्देशन में टीम ने रैम्प को सावधानी से तोड़ा और करीब एक घंटे मशक्कत के बाद कुत्ते को सुरक्षित बाहर निकाला। कुत्ते के इलाज के लिए एनिमल ऐड टीम को सौंपा पैर और पीठ में चोट लगने से कुत्ता बुरी तरह घायल हो गया था। ऐसे में एनिमल ऐड टीम को बुलाया और इलाज के लिए कुत्ते को उनके सुपुर्द किया। बता दें, फायर ब्रिगेड टीम का मुख्य काम आग बुझाना है लेकिन यहां उन्होंने एक बेजुबान जानवर को रेस्क्यू किया।