उदयपुर शहर के सूरजपोल थाना क्षेत्र में बीती देर रात एक नाबालिग लड़के पर उसके ही तीन दोस्तों ने चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। युवक के पीठ और गर्दन पर दो वार किए गए। जिससे वह लहुलूहान होकर घायल हो गया। उसे तुरंत एमबी हॉस्पिटल पहुंचाया गया। जहां समय पर इलाज नहीं मिलने का आरोप लगाते हुए परिजन घायल को निजी हॉस्पिटल ले गए। जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार ​प्राथमिक जांच में मामला आपसी रंजिश का लग रहा है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है। सरकारी हॉस्पिटल में नहीं मिला इलाज घटना गोसिया कॉलोनी स्थित सरकारी प्रेस के बाहर देर रात करीब 11:30 बजे की है। जब नाबालिग सरकारी प्रेस के बाहर घूम रहा था। तभी तीन युवक आए और उस पर चाकू से वार कर दिया। जिसके बाद आरोपी मौके से फरार हो गए। युवक ने फोन करके घर पर घटना की जानकारी दी। परिजन घायल नाबालिग को तुरंत एमबी हॉस्पिटल लेकर पहुंचे। जहां काफी देर तक इलाज नहीं मिलने से परिजन नाराज हो गए और घायल को वहां निजी हॉस्पिटल ले गए। घायल की मां ने बताया कि दोस्तों ने ही उसे घेरकर मारा है। वो मेरे बच्चे की जान ले सकते थे। इनके बीच कोई पुरानी बात हो सकती है मुझे पता नहीं है। पुलिस से गुजारिश है कि जल्द से जल्द आरोपियों को गिरफ्तार कर कड़ी से कड़ी सजा ​दी जाए।