उदयपुर जिले के ​कई हिस्सों में दोपहर बाद मौसम में अचानक परिवर्तन होने के बाद झमाझम बारिश शुरू हो गई। शाम करीब 4 बजे फतहनगर में तेज आंधी के साथ बारिश शुरू हुई। वहीं, मावली में भी तेज आंधी के साथ झमाझम बारिश हुई। बारिश में ओले भी गिरे। आंधी इतनी तेज थी कि कई जगह पेड़ गिर गए और जनजीवन प्रभावित हो गया। उदयपुर शहर में भी शाम होते होते मौसम ठंडा हो गया। हालांकि बारिश के बाद तापमान में गिरावट हुई और ठंडक होने से लोगों को राहत मिली। इससे पहले सुबह 10 बजे बाद से धीरे-धीरे गर्म हवा और धूप की तपन लोगों को चुभ रही थी। लोग चेहरे को ढंककर गर्म हवा से बचाव करते हुए दिखे। कुछ तिरपाल या फिर पेड़ की छांव में आसरा लिए नजर आए। सोमवार दोपहर 12 बजे तक अधिकतम तापमान 39 डिग्री दर्ज किया गया। वहीं, एक दिन पहले रविवार को भी दिन का तापमान 39 डिग्री था। रेस्टोरेंट में लगाए जा रहे वाटर फोग स्प्रे गर्मी का असर शहर की दिनचर्या पर भी साफ नजर आ रहा है। शहर में चौराहों पर ट्रैफिक कम नजर आया। सरकारी दफ्तरों में भी दोपहर के समय सन्नाटा पसरा हुआ रहा। गर्मी में टूरिस्ट के लिए कई रेस्टोरेंट में एसी-कूलर के साथ वाटर फोग स्प्रे लगाए गए हैं।