उदयपुर में रविवार को दिनभर चिलचिलाती धूप रही। अप्रैल के दूसरे पखवाड़े में गर्मी ने मई-जून जैसा अहसास कराना शुरू कर दिया है। सीजन में पहली बार उदयपुर का पारा 40 डिग्री के पार पहुंच गया है। अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रहा, जबकि न्यूनतम तापमान 21.6 डिग्री सेल्सियस रहा। इससे पहले शनिवार को अधिकतम तापमान 39.5 डिग्री सेल्सियस रहा था। पिछले एक सप्ताह के आंकड़ों पर नजर डालें, तो 13 अप्रैल को जहां अधिकतम तापमान 39.2 डिग्री था, वहीं 14 अप्रैल को इसमें मामूली गिरावट आई और यह 38.6 डिग्री पर रहा। लेकिन इसके बाद पारा थमा नहीं और लगातार चढ़ता ही गया। 15 अप्रैल को यह फिर से 39.5 डिग्री पर पहुंच गया। 16 और 17 अप्रैल को भी गर्मी का यही मिजाज रहा और तापमान 39 डिग्री के आसपास बना रहा। असली तेजी 18 अप्रैल को देखने को मिली, जब इस सीजन में पहली बार पारा 40.5 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। अब देखिए, उदयपुर के मौसम से जुड़ी 3 PHOTOS… रातें भी अब गर्म होने लगी हैं उदयपुर में सिर्फ दिन ही नहीं, बल्कि रातें भी अब गर्म होने लगी हैं। पिछले एक हफ्ते में न्यूनतम तापमान में भी काफी उतार-चढ़ाव देखा गया है। 13 अप्रैल को रात का तापमान 18.4 डिग्री था, जो 17 अप्रैल तक बढ़कर 24 डिग्री तक पहुंच गया। यानी अब रात के समय भी सुकून नहीं मिल पा रहा है और उमस का अहसास होने लगा है। अभी राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं मौसम विज्ञान केंद्र जयपुर की मानें तो अभी राहत मिलने के कोई आसार नहीं हैं। विभाग ने चेतावनी दी है कि अगले दो दिनों में राजस्थान के कई इलाकों में तापमान में 2 से 3 डिग्री की और बढ़ोतरी हो सकती है। दोपहर के समय झुलसाने वाली गर्मी पड़ सकती है और पारा 41 से 42 डिग्री तक जा सकता है। डॉक्टर भी सलाह दे रहे हैं कि दोपहर 12 से 4 बजे के बीच घर से बाहर निकलने से बचें और शरीर में पानी की कमी न होने दें। उदयपुर की गलियां अब दोपहर में सूनी दिखने लगी हैं और लोग ठंडे पेय पदार्थों का सहारा ले रहे हैं।