उदयपुर के डाकन कोटड़ा स्थित एक कॉलोनी में घर में चोरी हुई है। चोर सूने मकान के ताले तोड़कर नकदी और जेवर ले गए। परिवार अपने पिता की तबियत खराब होने पर गांव गया हुआ ​था। इस संबंध में परिवार ने सविना पुलिस थाने में एक रिपोर्ट दी है। मकान मालिक रोशन लाल गर्ग ने बताया- डाकन कोटड़ा स्थित पार्श्वनाथ कॉलोनी में चोरों ने गुरुवार की रात को चोरों ने चोरी की घटना को अंजाम दिया। उन्होंने बताया-पिता की तबीयत बिगड़ने के कारण परिवार के सभी लोग गांव खांरवा गए हुए थे। घर से निकलते समय अंदर और बाहर दोनों गेट पर ताला लगाए गए थे। जब वह गांव से वापस अगले दिन शुक्रवार को आए तो देखा कि घर के दरवाजों के ताले टूटे हुए थे और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। घर में रखी हुई नकदी और जेवरात गायब मिले। उन्होंने बाद में घटना की सूचना सविना पुलिस को दी जिस पर पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस आसपास के क्षेत्रों में जांच कर रही है। जो सीसीटीवी फुटेज लगे हैं, उनको भी खंगाल रही है। पीड़ित मकान मालिक ने पुलिस से जल्द से जल्द चोरों को पकड़ने की मांग की है।