जयपुर मंडल के धानक्या स्टेशन यार्ड में अंडरपास (आरयूबी) निर्माण कार्य के चलते रेलवे प्रशासन ने ब्लॉक लेने का निर्णय किया है। जयपुर-फुलेरा रेलखंड पर होने वाले इस कार्य के कारण कई ट्रेनों के संचालन में अस्थायी बदलाव किया गया है। कुछ ट्रेनें आंशिक रूप से रद्द रहेंगी, कुछ का मार्ग बदला जाएगा, जबकि कई ट्रेनें निर्धारित समय से देरी से रवाना होंगी। उत्तर पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी अमित सुदर्शन ने बताया कि धानक्या स्टेशन यार्ड में समपार फाटक संख्या 235 पर अंडरपास निर्माण कार्य किया जा रहा है। इस कार्य के लिए रेलवे ट्रैक पर ब्लॉक लिया जाएगा, जिससे जयपुर मंडल से गुजरने वाली रेल सेवाएं प्रभावित रहेंगी। ये ट्रेनें आंशिक रद्द रहेंगी उदयपुर सिटी-जयपुर ट्रेन (12991) 5 मई को उदयपुर सिटी से रवाना होकर केवल अजमेर तक ही संचालित होगी। अजमेर से जयपुर के बीच ट्रेन नहीं चलेगी। जयपुर-उदयपुर सिटी ट्रेन (12992) 5 मई को जयपुर की बजाय अजमेर से रवाना होगी। इस कारण जयपुर से अजमेर के बीच ट्रेन आंशिक रूप से रद्द रहेगी। इन ट्रेनों का रूट बदला श्रीगंगानगर-बांद्रा टर्मिनस ट्रेन (14701)- 3 मई और 13 मई को अपने निर्धारित मार्ग रींगस-जयपुर-फुलेरा के बजाय बदले हुए मार्ग रींगस-फुलेरा से संचालित होगी। कुछ ट्रेनें देरी से होंगी रवाना अजमेर-सियालदाह ट्रेन (12988)- 5 मई को 1 घंटा 40 मिनट देरी से रवाना होगी। जोधपुर-वाराणसी सिटी ट्रेन (14864)- 5 मई को जोधपुर से करीब 2 घंटे की देरी से चलेगी। अजमेर-किशनगंज ट्रेन (15716)- 5 मई को अजमेर से 2 घंटे देरी से रवाना होगी। रेलवे प्रशासन ने यात्रियों से अपील की है कि यात्रा से पहले अपनी ट्रेन की स्थिति अवश्य जांच लें, ताकि स्टेशन पर किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।