उदयपुर के खेरवाड़ा में दो सगे भाइयों के घर 37 लाख के जेवरात चोरी के मामले में गुरुवार को मोबाइल इन्वेस्टिगेशन यूनिट टीम पहुंची। टीम ने तकनीकी औजारों का प्रयोग करते हुए बारीकी से सबूत जुटाने की कोशिश की। इस दौरान खेरवाड़ा थानाधिकारी करनाराम जाट और एएसआई दिग्विजय सिंह जाब्ते के साथ मौजूद थे। वहीं आक्रोशित ग्रामीण जुलूस के रूप में एसडीएम ऑफिस पहुंचे, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं भी शामिल थीं। नारेबाजी और प्रदर्शन कर एसडीएम को ज्ञापन सौंपकर आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की। पड़ोसियों को फोन कर गेट खुलवाया वारदात मंगलवार रात खेरवाड़ा थाना क्षेत्र के जयप्रकाश नगर में हुई। पुलिस ने बताया था कि तीसरा भाई दीतालाल पटेल सुबह करीब 4 बजे उठे। उन्होंने दरवाजा खोलने का प्रयास किया तो बाहर से कुंडी लगी थी। इससे उन्हें अनहोनी की आशंका हुई। इसके बाद पड़ोस में फोन करके गेट खुलवाया। दोनों घरों में कमरे के ताले टूटे थे और अंदर सामान बिखरा था। छोटे भाई हीरालाल पटेल के घर से करीब 36 लाख रुपए के जेवरात और एक लाख रुपए चोरी हो गए। वहीं बड़े भाई बंशीलाल पटेल के घर से करीब 600 ग्राम चांदी (कीमत करीब 1 लाख 10 हजार) के जेवरात चोरी हो गए। दोनों पीड़ितों ने इस संबंध में खेरवाड़ा थाने में मुकदमा दर्ज कराया। पुलिस चोरों की तलाश में जुटी है। इनपुट –हितेश जोशी, खेरवाड़ा