उदयपुर में दुकान से घर लौट रहे दो भाइयों के सामने अचानक लेपर्ड आ गया। गनीमत रही कि लेपर्ड को देखकर अपनी कार को कुछ दूरी पर रोक लिया। इसके बाद दोनों ने लेपर्ड का वीडियो बनाया। कुछ देर में लेपर्ड जंगल की ओर चला गया। इस इलाके में पहले भी लेपर्ड दिखा है, ऐसे में लोगों को आने-जाने में भी डर लगता है। लेपर्ड सायरा थाना क्षेत्र में नांदेशमा-ढोल मार्ग पर गुरुवार रात को दिखा था। इसका वीडियो भी सामने आया है। घर लौट रहे भाइयों ने बनाया वीडियो जानकारी अनुसार- ढोल के बड़गांव निवासी शैलेश श्रीमाली अपने भाई नयन श्रीमाली के साथ गुरुवार रात करीब 12 बजे गोगुंदा से गांव लौट रहे थे। नयन श्रीमाली की गोगुंदा में मोबाइल शॉप है और दोनों भाई उदयपुर से सामान लेकर कार से वापस गांव जा रहे थे। इस दौरान चामुंडा माता मंदिर से करीब 200 मीटर आगे सड़क किनारे पत्थर की दीवार पर एक लेपर्ड बैठा दिखाई दिया। सामने लेपर्ड को देखकर दोनों भाइयों ने सुरक्षा की ​दृष्टि से कार दूरी पर रोक दी और मोबाइल से उसका वीडियो बना लिया। कुछ मिनट तक लेपर्ड दीवार पर बैठा रहा। इसके बाद जंगल की ओर चला गया। पहले भी इस इलाके में दिख चुका लेपर्ड शैलेश श्रीमाली ने बताया कि इस क्षेत्र में लेपर्ड पहले भी कई बार दिखाई दे चुका है। बाइक से आने-जाने के दौरान भी अक्सर लेपर्ड नजर आता है। लेपर्ड की लगातार हो रही उसकी मौजूदगी से ग्रामीणों और राहगीरों में डर बढ़ गया है। ग्रामीणों ने वन विभाग से क्षेत्र में गश्त बढ़ाने, निगरानी रखने और लोगों की सुरक्षा के लिए आवश्यक इंतजाम करने की मांग की है। इनपुट : गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा