उदयपुर के ओगणा थाना क्षेत्र में जीजा की हत्या के मामले में पुलिस ने साले समेत 5 आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज किया है। वहीं, चढ़ोतरा करने आए 21 लोगों के खिलाफ हथियार लेकर घर में तोड़फोड़ करने का मुकदमा दर्ज कराया गया है। चोखला बारा गांव में पुलिस जाप्ता तैनात है। बुधवार देर शाम मृतक पारू के शव का पोस्टमार्टम कराकर शव परिजनों को सौंपा दिया। जबकि मृतक पति पिंटूलाल वडेरा का पोस्टमार्टम परिवार में शादी होने की वजह से नहीं हो सका। बताया जा रहा है कि मृतक पिंटू के सगे चाचा विरमाराम के बेटे की बुधवार को शादी हुई थी। वहीं, बेटी की शादी आज दोपहर को होनी है। जिसके बाद पोस्टमार्टम कराया जाएगा। झाड़ोल डीएसपी विवेक सिंह ने बताया कि पुलिस की टीमें आरोपियों की तलाश में जुटी हैं। मौके पर फिलहाल शांति है। ये था मामला विवाहिता पारू की 27 अप्रैल की रात 12:30 बजे इलाज के दौरान मौत हो गई थी। पीहर पक्ष के लोगों ने हत्या का आरोप लगाया। जिसको लेकर पारू का भाई करण अपने कुछ साथियों को लेकर बहन की ससुराल आया। पति पर मर्डर के शक को लेकर उस के घर चढ़ोचरा कर दिया। करण के जीजा पिंटू को यह चढ़ोतरी का पता चला तो वह मौके से फरार हो गया। साले ने पिंटू के घर में तोड़फोड़ की। इस दौरान मौके पर पहुंची पुलिस भी आरोपियों के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं कर पाई। घर में तोड़फोड़ करते लोगों के वीडियो रिकॉर्ड करती रही। उसके बाद आरोपी वहां से चले गए। बुधवार सुबह 9 बजे मृतक पारू का भाई करण अपने कुछ साथियों के साथ वापस हथियार लेकर चोखला बारा गांव में पहुंचा। जहां घर से अपने जीजा पिंटू का किडैनप किया। जीजा को अम्बावी (उपरेटा) के जंगल में ले गया। इस बीच पुलिस को किडनैप की सूचना दी गई, लेकिन पुलिस मौके पर पहुंचती, उससे पहले ही पिंटू का पत्थर से सिर कुचलकर हत्या कर दी। इनपुट: दुष्यंत पूर्बिया, झाड़ोल