नगर निगम चुनाव की तैयारियों में ही कांग्रेस में अंदर ही अंदर टिकट को लेकर झगड़े शुरू हो गए हैं। उदयपुर शहर कांग्रेस की बैठक में सोमवार को चुनाव प्रभारी के सामने स्थानीय कांग्रेस नेताओं ने कहा- पार्षद के टिकट जयपुर-दिल्ली नहीं, उदयपुर शहर कांग्रेस कमेटी (DCC) बांटेगी। यदि ऐसा नहीं हुआ तो पार्टी को नुकसान होगा। उदयपुर शहर जिला कांग्रेस कमेटी की बैठक देवाली सामुदायिक भवन में हुई। बैठक में नगर निगम चुनाव प्रभारी हरीश चौधरी, डिंपल राठौड़ और राजपाल सिंह के सामने पदाधिकारियों ने कहा- चुनाव में कांग्रेस की जीत शहर कांग्रेस के टिकट से ही होगी। अगर आपने जयपुर और दिल्ली में बैठकर टिकट दिए तो हमें मंजूर नहीं होगा। कांग्रेस नेता तीरथ खेरलिया, मोहसिन खान सहित कई पदाधिकारियों ने यह कहा। कांग्रेस शहर अध्यक्ष बोले- गाइडलाइन होगी, वैसा तय करेंगे शहर कांग्रेस अध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ से मीटिंग में उठे इस मुद्दे को लेकर पूछा तो दैनिक भास्कर को उन्होंने बताया- ऐसी कोई बात नहीं हुई, लेकिन पार्टी मंच पर कुछ पदाधिकारियों ने प्रभारी के सामने अपनी बात रखी। वैसे हमने सभी को समझाया कि पार्टी की जो गाइडलाइन होगी, उसके अनुसार मिल बैठकर तय करेंगे। इस समय हमारा एक टारगेट रहेगा कि उदयपुर नगर निगम में बोर्ड कांग्रेस का बने। बैठक में नगर निगम चुनाव की रणनीति पर चर्चा की गई। कांग्रेस नेताओं ने वर्तमान नगर निगम बोर्ड की कार्यप्रणाली को लेकर भाजपा पर निशाना साधते हुए भ्रष्टाचार, अव्यवस्था और जनहित की अनदेखी के आरोप लगाए। नेताओं ने कहा- शहर की जनता साफ-सफाई, सड़क, जल निकासी, यातायात और पारदर्शी प्रशासन जैसी मूलभूत सुविधाओं की अपेक्षा कर रही है, लेकिन नगर निगम इन अपेक्षाओं पर खरा नहीं उतर पाया। घर-घर जाकर निगम की कमियां गिनाएगी कांग्रेस उदयपुर शहर जिलाध्यक्ष फतह सिंह राठौड़ ने कहा- कांग्रेस कार्यकर्ता अब वार्ड-वार्ड और घर-घर जाकर नगर निगम बोर्ड की कथित नाकामियों को जनता के सामने रखेंगे। अध्यक्ष ने आरोप लगाया कि उदयपुर की जनता खोखले दावों और भ्रष्टाचार की राजनीति से त्रस्त हो चुकी है, इसलिए अब बदलाव का समय आ गया है। उन्होंने कहा- कांग्रेस इस चुनाव को केवल सत्ता परिवर्तन नहीं, बल्कि उदयपुर को जवाबदेह, पारदर्शी और जनहितैषी नगर निगम देने की लड़ाई के रूप में लड़ेगी। संगठन को वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान नगर निगम चुनाव प्रभारी हरीश चौधरी ने कार्यकर्ताओं से संगठन को वार्ड और बूथ स्तर तक मजबूत करने का आह्वान किया। उन्होंने कहा- प्रत्येक कार्यकर्ता जनता के बीच जाकर भाजपा सरकार और नगर निगम की कथित जनविरोधी नीतियों को उजागर करे। साथ ही कांग्रेस की नीतियों और जनहित के मुद्दों को प्रभावी ढंग से रखे। कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता का विश्वास पार्टी की ताकत बैठक में डिंपल राठौड़ और राजपाल सिंह ने कार्यकर्ताओं को एकजुट होकर चुनाव लड़ने का आह्वान किया। उन्होंने कहा- कांग्रेस कार्यकर्ताओं की एकजुटता और जनता का विश्वास पार्टी की सबसे बड़ी ताकत बनेगा। बैठक में हुई वार्डवार संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा महामंत्री दिनेश कुमार दवे ने बताया- बैठक में वार्डवार संगठनात्मक स्थिति की समीक्षा, बूथ स्तर तक चुनावी रणनीति लागू करने, जनसंपर्क अभियान तेज करने और स्थानीय जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाने पर चर्चा हुई। बैठक में प्रदेश महामंत्री गोपाल कृष्ण शर्मा, पूर्व विधायक त्रिलोक पूर्बिया, प्रदेश महामंत्री पंकज कुमार शर्मा, प्रदेश सचिव दिनेश श्रीमाली, संगठन महामंत्री अरुण टांक, शहर जिला उपाध्यक्ष अली कोसर, दलपत सिंह चुंडावत, लोकेश चौधरी, राजीव सुवालका, खूबी लाल मेनारिया, सुधीर जोशी, दीपक व्यास, मोहम्मद अयूब, महामंत्री मोहसिन खान, राजेश जैन, प्रशांत श्रीमाली, ब्लॉक अध्यक्ष अजय सिंह, शंकर चंदेल, महिला कांग्रेस अध्यक्ष तारिक भानु प्रताप, युवक कांग्रेस अध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह केलावत, एनएसयूआई अध्यक्ष विनोद चौधरी आदि मौजूद रहे। उदयपुर देहात महिला कांग्रेस की बैठक उदयपुर देहात महिला कांग्रेस की जिला कार्यकारिणी बैठक सोमवार को सूरजपोल स्थित देहात कांग्रेस कार्यालय में हुई। मुख्य अतिथि प्रदेश महासचिव एवं उदयपुर देहात प्रभारी कीर्ति कछावा थी तो अध्यक्षता जिला अध्यक्ष भगवती डांगी ने की। संगठन महासचिव मीनाक्षी सुथार ने बताया कि बैठक में महिला कांग्रेस संगठन को अधिक सशक्त और सक्रिय बनाने, संगठन विस्तार को गति देने तथा आगामी पंचायतीराज एवं नगर निकाय चुनावों की तैयारियों एवं रणनीति पर चर्चा की गई। वक्ताओं ने महिला कार्यकर्ताओं से बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने, जनसंपर्क बढ़ाने तथा कांग्रेस की नीतियों को आमजन तक पहुंचाने का आह्वान किया। बैठक में राष्ट्रीय समन्वयक शांता प्रिंस, जिला परिषद की पूर्व सदस्य कामिनी गुर्जर, उपाध्यक्ष कुंदन कंवर, पुष्पा मीणा, रणजीता मेघवाल, महासचिव आबिदा शेख, मिथिलेश पगारिया आदि मौजूद रही।