उदयपुर में एक युवक की हत्या मामले में पुलिस ने तीसरा आरोपी गिरफ्तार कर लिया। मामले में अब 2 आरोपी फरार हैं। शहर के घंटाघर थाना क्षेत्र स्थित बिच्छू घाटी में 7 अप्रैल की शाम को वारदात हुई थी। पांच आरोपियों ने साहिल उर्फ सुहानी (26) पुत्र आरिफ पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। इसके बाद अस्पताल ले जाते वक्त साहिल की मौत हो गई थी। हत्याकांड में पुलिस ने सोमवार को तीसरे आरोपी जोएब खान उर्फ अक्कू को गिरफ्तार किया। वहीं भागते हुए आरोपी के गिरने से पैर में फ्रैक्चर हो गया। जोएब ने मुख्य आरोपी हिस्ट्रीशीटर नईम को फोन कर साहिल और जिशान के खिलाफ उकसाया था। इससे पहले मामले में कुल 5 आरोपियों में से गौरव सिंह चौहान उर्फ बिट्टू और मोहम्मद सुहान डायर गिरफ्तार हो चुके हैं। जबकि हिस्ट्रीशीटर नईम उर्फ नईमुद्दीन और हिस्ट्रीशीटर कुंदन फरार हैं। कुंदन के खिलाफ विभिन्न थानों में डेढ़ दर्जन और नईम के खिलाफ एक दर्जन मामले दर्ज हैं। साहिल को सीने और कमर में चाकू मारकर की थी हत्या जोएब खान उर्फ अक्कू की 7 अप्रैल को जिशान उर्फ हड्डी से कहासुनी हुई थी। जोएब ने इसकी जानकारी नईम उर्फ नईमुद्दीन को दी। इस पर नईम और उसके साथी कुंदन ने जिशान को फोन कर कहा कि ​तुम्हारी अक्कू को धमकाने की हिम्मत कैसे हुई। इस बात ​को लेकर जिशान और साहिल की नईम और कुंदन से लड़ाई हो गई। नईम और कुंदन अपने अन्य साथियों के साथ 7 अप्रैल की देर रात बिच्छू घाटी पहुंचे। जहां साहिल उर्फ सुहानी पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया था। उसके सीने और कमर में चाकू लगा। साहिल बेसुध हालत में जमीन पर गिर गया। इसके बाद अस्पताल ले जाते वक्त उसकी मौत हो गई थी।