उदयपुर शहर में सिंगल यूज प्लास्टिक के खिलाफ नगर निगम ने सख्ती दिखाई। निगम टीम ने शुक्रवार को धानमंडी के तेल बाजार इलाके में कार्रवाई की। एक दुकान के गोदाम से 61 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक सामग्री जब्त की गई। राज्य सरकार के आदेश पर निगम टीम शहर में लगातार छापेमारी की कार्रवाई कर रही है। निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया- टीम को सूचना मिली थी कि धानमंडी तेल बाजार में एच.आर. ट्रेडर्स नामक दुकान पर धड़ल्ले से प्रतिबंधित प्लास्टिक बेचा जा रहा है। इस पर निगम के पुलिस निरीक्षक मांगीलाल डांगी की अगुवाई में टीम तुरंत मौके पर पहुंची। मालिक लोकेश पुत्र हजारीमल के दुकान की दूसरी मंजिल पर बने गोदाम की तलाशी ली। जहां बड़ी मात्रा में अलग-अलग रंगों के प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग और प्लास्टिक के ग्लास रखे मिले, जिन्हें टीम ने तुरंत सीज कर लिया। यह 61 किलो प्रतिबंधित प्लास्टिक कैरी बैग और ग्लास थे। नियमों की उड़ा रहे धज्जियां निगम आयुक्त अभिषेक खन्ना ने बताया- पर्यावरण संरक्षण अधिनियम के तहत प्रतिबंधित प्लास्टिक का भंडारण, बिक्री और परिवहन पूरी तरह से गैरकानूनी है। नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारी जुर्माना और कानूनी सजा दोनों का प्रावधान है। इसके बाद भी कुछ व्यापारी लगातार नियमों की धज्जियां उड़ा रहे हैं, जिनके खिलाफ यह सख्त मुहिम आगे भी जारी रहेगी। निगम आयुक्त ने लोगों से अपील की है कि शहरवासी दुकानों से सामान लेते वक्त कपड़े या कंपोस्टेबल थैलों का ही इस्तेमाल करें। शहर को प्लास्टिक मुक्त और स्वच्छ बनाने के लिए व्यापारी इस मुहिम में साथ दें और प्रतिबंधित सामान न बेचें।