उदयपुर-पालनपुर फोरलेन पर रोहिड़ा थाना क्षेत्र के भीमाना के पास सोमवार दोपहर करीब साढ़े 12 बजे एक तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि दो लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया, जबकि तीसरे घायल ने सिरोही के ट्रॉमा सेंटर पहुंचने से पहले ही दम तोड़ दिया। कैसे हुआ हादसा रोहिड़ा थाने के हेड कांस्टेबल रोहिताश कुमार ने बताया कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क को पार कर रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रेलर ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद तीनों सड़क पर गिर पड़े। टक्कर इतनी भीषण कि कुचल गए तीनों हेड कांस्टेबल ने बताया कि हादसा इतना भयानक था कि कोटडा अचपुरा के धनाराम (55), रामपुरा के राजू राम (50) की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि बदा राम (50) के ऊपर से ट्रेलर का पहिया गुजर गया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल ले जाते समय तोड़ा दम गंभीर रूप से घायल बदा राम को एलएनटी की एंबुलेंस से स्वरूपगंज के सरकारी अस्पताल पहुंचाया गया। वहां प्राथमिक इलाज के बाद उसकी हालत नाजुक देखते हुए उसे ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया। एंबुलेंस 108 से उसे सिरोही सरकारी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में ही उसने दम तोड़ दिया। अस्पताल पहुंचने पर डॉक्टरों ने बदा राम को मृत घोषित कर दिया। मौके पर पहुंचा पुलिस-प्रशासन घटना की सूचना पर अतिरिक्त जिला कलेक्टर सिरोही, पिंडवाड़ा एसडीएम, तहसीलदार पिंडवाड़ा, सिरोही अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक, पिंडवाड़ा डीएसपी मौके पर पहुंचे और मौका मुआयना किया। पुलिस ने शुरू की जांच पुलिस ने दो शवों को रोहिड़ा के सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखवाया गया है, जबकि तीसरे का शव सिरोही सरकारी अस्पताल की मोर्चरी में रखा गया है। रोहिड़ा थाने के हेड कांस्टेबल रोहिताश कुमार ने बताया कि परिजनों को हादसे सूचना दी है, उनकी रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। दोनों वाहनों को जब्त कर लिया गया है। तीनों मृतक मजदूरी का काम करते थे।