उदयपुर में फोटो जर्नलिस्ट और उनके बेटे दीपक को पीटने वाले बदमाशों को पुलिस ने मजिस्ट्रेट के सामने पेश किया। सड़क पर दबंगई दिखाने वाले दोनों भाइयों के पैरों में प्लास्टर बंधा हुआ था। वे लंगड़ाते हुए चल रहे थे। पुलिस के अनुसार, पुलिस जब उन्हें पकड़ने पहुंची तो दोनों ने भागने की कोशिश की, तभी सीढ़ियों से फिसलकर गिरने से उनके पांव में चोट आ गई। लालघाट रोड पर हैंडीक्राफ्ट दुकानदार दोनों आरोपी भाइयों सिद्दीक और तारीफ को गिरफ्तार कर गुरुवार को कार्यपालक मजिस्ट्रेट के सामने घंटाघर थाना पुलिस ने पेश किया। जांच अधिकारी (एएसआई) भगवान लाल ने बताया- पुलिस टीम जब आरोपियों को पकड़ने गई तो दोनों भाई पुलिस को देखकर भागने लगे। पुलिस ने पीछा किया तो हड़बड़ाहट में पैर फिसलने से वे सीढ़ियों से नीचे गिर पड़े और उनके पैरों में चोट लग गई। हालांकि मजिस्ट्रेट के सामने पेश करने के बाद दोनों को जमानत पर रिहा कर दिया गया। इन आरोपियों के खिलाफ पहले से भी कई मामले दर्ज हैं। गली में शूट न करने की मंगवाई थी माफी गणगौर घाट के पास लालघाट रोड पर बुधवार सुबह फोटो जर्नलिस्ट प्रमोद सोनी के बेटे दीपक सोनी अपने दोस्त नितेश और हेमंत के साथ प्री-वेडिंग शूट कर रहे थे। तभी वहां के दुकानदारों ने अपनी मनमर्जी चलाते हुए उन्हें रोका और कहा कि इस इलाके में कैमरा चलाने की इजाजत नहीं है। जब दीपक ने बिना वजह परेशान करने का विरोध किया, तो शाह हैंडीक्राफ्ट के सिद्दीक, टीना और उनके साथियों ने दीपक व उनकी टीम पर हमला कर दिया। इस झगड़े में दीपक का कैमरा भी तोड़ दिया गया था। दुकान में बंदकर लोहे के सरियों से पीटा था बेटे के साथ मारपीट की खबर मिलते ही पिता और फोटो जर्नलिस्ट प्रमोद सोनी बीच-बचाव करने मौके पर पहुंचे। बदमाशों ने उनके साथ भी हाथापाई की और पिता-पुत्र दोनों को दुकान के अंदर खींच लिया। दीपक सोनी ने बताया- आरोपियों ने दुकान का गेट बंद कर मुझे बंधक बना लिया और बाल पकड़कर घसीटा। दुकान के अंदर मौजूद 4 से 5 लोगों ने लोहे के सरिए और डंडों से वार किए, जिससे मुझे अंदरूनी चोटें आईं। इतना ही नहीं, बदमाशों ने पिता-पुत्र को जान से मारने की धमकी दी और बंधक बनाकर जबरन माफी मंगवाई कि वे अब से इस गली में कभी शूट नहीं करेंगे। किसी तरह दोनों बदमाशों के चंगुल से छूटकर बाहर भागे और घंटाघर थाने में एफआईआर दर्ज कराई थी। निगम ने जेसीबी चलाकर तोड़े थे 9 दुकानों के अतिक्रमण इस जानकारी लगते ही शहर के पत्रकारों और स्थानीय लोगों में गुस्सा फैल गया। पत्रकारों ने डीएसपी राजेश यादव समेत पुलिस अधिकारियों से बात कर आरोपियों की तुरंत गिरफ्तारी की मांग की। वहीं, महापौर पारस सिंघवी के नेतृत्व में नगर निगम की टीम तुरंत मौके पर पहुंची। निगम ने जेसीबी चलाकर लालघाट रोड पर 9 दुकानों और रेस्टोरेंट के बाहर हो रहे अवैध अतिक्रमण तोड़ दिए। एक दुकान के बाहर लगा शटर भी उखाड़ फेंका। पुलिस ने घटना के करीब 1 घंटे बाद एक्शन लेते हुए सिद्दीक और तारीफ़ को दबोच लिया था।