उदयपुर के सवीना थाना क्षेत्र में देर रात डेढ़ से 2 घंटे लाइट नहीं आने से गुस्साए लोगों ने जमकर हंगामा किया। लोगों ने सवीना पावर हाउस पहुंचकर एईएन और जेईएन को कॉल किया लेकिन उन्होंने कॉल अटेंड नहीं किया। इससे स्थानीय लोगों का गुस्सा और फूट पड़ा। लोगों ने रात को जमकर नारेबाजी की और जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। हंगामा बढ़ता देख सवीना थाना पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश का प्रयास किया। भीषण गर्मी में परेशान हो रहे थे क्षेत्रवासी दरअसल सवीना पावर हाउस के अंतर्गत आने वाले आरके पुरम, गोकुल विलेज, तीतरड़ी, सवीना सहित कई कॉलोनियां में सोमवार रात बिजली गुल होने की शिकायत आ रही थी। भीषण गर्मी से लोग परेशान हो गए थे। गर्मी से बेहाल लोगों ने बिजली चालू करने के लिए एईएन-जेईएन से सम्पर्क करना चाहा लेकिन उन्होंने कोई रिस्पांस नहीं दिया। जवाब नहीं मिलने पर परेशान लोगों ने पावर हाउस पहुंचकर करीब 1 घंटे तक जमकर हंगामा किया। बिजली विभाग के कर्मचारियों को मौके पर बुलाया गया। बिजली चालू होने के बाद लोगों का गुस्सा शांत हुआ।