रेलवे ने उदयपुर से ऋषिकेश के बीच चलने वाली वीकली स्पेशल ट्रेन के संचालन समय को आगे बढ़ा दिया है। अब यह ट्रेन जुलाई के पूरे महीने में भी पटरी पर दौड़ेगी। यात्रियों की बढ़ती संख्या और मांग को देखते हुए रेलवे ने दोनों दिशाओं में इसके 4-4 फेरे बढ़ाने का फैसला किया है। रेलवे के अनुसार ट्रेन संख्या 09609 उदयपुर सिटी-योग नगरी ऋषिकेश वीकली स्पेशल अब 7 जुलाई से 28 जुलाई 2026 तक हर मंगलवार को उदयपुर से रवाना होगी। पहले इस ट्रेन का संचालन सिर्फ 30 जून तक ही तय किया गया था। वापसी में ट्रेन संख्या 09610 योग नगरी ऋषिकेश-उदयपुर सिटी वीकली स्पेशल भी अब 8 जुलाई से 29 जुलाई 2026 तक हर बुधवार को ऋषिकेश से उदयपुर के लिए चलेगी। इस दिशा में भी रेलवे ने चार अतिरिक्त फेरे बढ़ाए हैं। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि सावन के महीने और पर्यटन सीजन की वजह से उत्तराखंड जाने वाले यात्रियों की संख्या काफी ज्यादा बढ़ गई है । इसी मांग को पूरा करने के लिए ट्रेनों की अवधि बढ़ाने का निर्णय लिया गया है। इस स्पेशल ट्रेन के पुराने रूट, रुकने वाले स्टेशनों और समय में कोई बदलाव नहीं किया गया है। यह ट्रेन पहले से तय समय सारणी के अनुसार ही चलेगी।