उदयपुर में एलीवेटेड रोड पर चल रहे पेचवर्क का नगर निगम के उपायुक्त डॉ. नरेश सोनी औचक निरीक्षण किया। अधीक्षण अभियंता मनीष अरोड़ा के साथ शुक्रवार को निरीक्षण के दौरान सोनी ने सड़क मरम्मत की गुणवत्ता, निर्माण सामग्री, सड़क की लेवलिंग और काम की प्रगति देखी। मौके पर अधिकारियों और निर्माण एजेंसी को तय मानकों के अनुसार गुणवत्तापूर्ण काम करने के निर्देश दिए। साथ ही समय पर काम पूरा करने और यातायात प्रभावित नहीं होने के भी निर्देश दिए। उपायुक्त डॉ. नरेश सोनी ने कहा- सड़क मरम्मत में किसी भी तरह की लापरवाही या गुणवत्ता से समझौता नहीं किया जाएगा। पेचवर्क पूरी तकनीकी गुणवत्ता के साथ किया जाए, ताकि बारिश के दौरान सड़कें सुरक्षित रहें और लोगों को परेशानी का सामना नहीं करना पड़े। कलेक्टर ने किया था 8 जुलाई को दौरा डॉ. नरेश सोनी ने अधिकारियों से कहा- काम तय समय सीमा में पूरा किया जाए। मरम्मत के दौरान यातायात व्यवस्था भी सुचारू रखी जाए, जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कत नहीं हो। इससे पहले 8 जुलाई को जिला कलेक्टर गौरव अग्रवाल ने भी एलीवेटेड रोड क्षेत्र का निरीक्षण कर सड़क मरम्मत का काम जल्द और अच्छी गुणवत्ता के साथ पूरा करने के निर्देश दिए थे। इसके बाद निगम ने यहां पेचवर्क शुरू कराया था। उपायुक्त ने बताया- सड़क मरम्मत की शुरुआत उदियापोल क्षेत्र से की गई। फिलहाल एलीवेटेड रोड के आसपास के क्षतिग्रस्त हिस्सों पर तेजी से पेचवर्क किया जा रहा है। बारिश के मौसम में सड़कें सही रखें डॉ. नरेश सोनी ने कहा- यह काम पूरा होने के बाद शहर के अन्य प्रमुख मार्गों और अलग-अलग क्षेत्रों में भी चरणबद्ध तरीके से पेचवर्क कराया जाएगा। इससे बारिश के मौसम में सड़कें सुरक्षित रहेंगी और लोगों को बेहतर आवागमन सुविधा मिलेगी। उपायुक्त ने अधिकारियों को सभी कार्य गुणवत्ता, पारदर्शिता और तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश दिए। साथ ही हर स्तर पर नियमित निरीक्षण कर काम की निगरानी करने को कहा। निरीक्षण के दौरान अधिशाषी अभियंता अखिल गोयल, सहायक अभियंता सुनील प्रजापत सहित नगर निगम के अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।