उदयपुर के सायरा ब्लॉक में आज एक स्कूली छात्र पर दो छात्रों ने बाहरी युवकों को बुलाकर हमला कर दिया। जिससे छात्र के सिर में गंभीर चोट आई है, लहुलुहान होकर छात्र घायल हो गया। जिसे स्थानीय लोगों ने नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया, जहां घायल का इलाज जारी है। मामले में सूचना पर सायरा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। मारपीट करने के बाद आरोपी छात्र मौके से फरार हो गए। जानकारी के अनुसार स्कूल में हुए मामूली विवाद के बाद दो छात्रों ने बाहरी लड़कों को बुला लिया। स्कूल के ही एक छात्र के साथ मारपीट कर दी। मौके पर काफी लोगों की भीड़ जमा हो गई। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है। सायरा थाने के एएसआई राजेंद्र सिंह ने बताया कि नवी क्लास के छात्र के साथ मारपीट हुई। बेंच पर बैठने को लेकर छात्रों में कहासुनी हुई थी। उसके बाद आरोपी छात्र ने उसे बाहर देख लेने की धमकी दी थी। इस बीच इंटरवल में उसके साथ मारपीट की। आरोपियों में एक नवी क्लास का 13 वर्षीय छात्र और एक 11वीं क्लास का 17 साल का स्टूडेंट शामिल था, जबकि तीसरा युवक उसी गांव का रहने वाला था। मामले में पीड़ित छात्र के परिजनों ने रिपोर्ट दर्ज कराई है।