उदयपुर में एक बुजुर्ग महिला द्वारा सीढ़िया चढ़कर फर्स्ट फ्लोर पर एसपी ऑफिस पहुंचने के मामले को एसपी ने गंभीरता से लिया है। एसपी डॉ. अमृता दुहन ने एक आदेश जारी कर बुजुर्गों और दिव्यांगों के बैठने की व्यवस्था ऑफिस के नीचे ग्राउंड फ्लोर पर कर दी है। एसपी दुहन ने बताया कि ऑफिस के नीचे पार्किंग के पास गुरुवार से बुजुर्गों के बैठने के लिए व्यवस्था शुरू की गई है। उनकी सुनवाई के लिए उनके परिवार सदस्यों को ही ऊपर आने की जरूरत होगी। यदि परिवार का सदस्य अकेला है या उसे कोई समस्या आती है तो नीचे तैनात पुलिसकर्मी भी आवेदन को ऊपर पहुंचाने या अन्य संबंधित मदद कर सकता है। इस पहल का मुख्य उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी बुजुर्ग या दिव्यांग व्यक्ति को अपनी समस्या या शिकायत दर्ज कराने के लिए सीढ़ियां न चढ़नी पड़ें। उन्हें कार्यालय में एक सुगम, आरामदायक और बाधा रहित वातावरण मिल सके। यह व्यवस्था अभी वैकल्पिक रूप से की गई है। जल्द ही स्थाई व्यवस्था की जाएगी। हाथ-पैर के सहारे सीढ़ियां चढ़कर पहुंची महिला कलेक्ट्रेट में स्थित एसपी ऑफिस में एक बुजुर्ग महिला बुधवार को परिवाद देने के लिए एसपी ऑफिस पहुंची थी। बुजुर्ग महिला बड़ी मुश्किलों से हाथ-पैर के सहारे एक-एक सीढ़ियों चढ़ते हुए उपर पहुंची थी। उनकी किसी ने भी मदद नहीं की। बताया जा रहा है कि किसी जमीन को लेकर विवाद की शिकायत के लिए महिला एसपी ऑफिस परिवाद देने पहुंची थी। बता दें, कलेक्ट्रेट में आईजी, एसपी, एएसपी, डीएसपी के ऑफिस फर्स्ट फ्लोर पर हैं। ऐसे में बुजुर्ग, दिव्यांग और गंभीर बीमारी से पीड़ित व्यक्तियों को सीढ़ियां चढ़ने के अलावा कोई व्यवस्था नहीं है।