उदयपुर के खेलगांव स्थित तरणताल में चल रही राजस्थान सब जूनियर और सीनियर स्विमिंग चैंपियनशिप में शनिवार को जयपुर, सीकर और कोटा के खिलाड़ियों का दबदबा रहा। राजस्थान तैराकी संघ के सचिव विनोद सनाढ्य ने बताया कि दूसरे दिन मुकाबले बेहद संघर्षपूर्ण रहे। मुख्य अतिथि पूर्व संभागीय आयुक्त राजेन्द्र भट्ट और संघ अध्यक्ष अनिल व्यास ने विजेता खिलाड़ियों को मैडल देकर सम्मानित किया। बता दें, इस चैंपियनशिप में प्रदेशभर से करीब 400 से ज्यादा खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। ये हैं बालक-बालिका वर्ग के रिजल्ट -बैक स्ट्रोक बालक वर्ग की 50मीटर रेस में सीकर के मोहित सामोता ने पहला स्थान हासिल किया। अलवर के अग्रिम भारद्वाज ने दूसरा और भीलवाड़ा के निंकुज गौर तीसरे स्थान पर रहे। वहीं, 200मीटर में भी मोहिता सामोता ने गोल्ड जीता। बालिका वर्ग 50मीटर में जयपुर की सेरेना अग्रवाल प्रथम, ​हर्षिका जयचंदानी दूसरे और जोधपुर की पायल चौधरी तीसरे ​स्थान पर रही। 200मी.बालिका वर्ग में जयपुर की अश्विका पहले स्थान पर रही। जयपुर के ह्रदय भोजवानी जीते बटर फ्लाई बालक वर्ग 100 मीटर में जयपुर के ह्रदय भोजवानी पहले, सीकर के राजीव दहिया दूसरे और उदयपुर के विहान व्यास तीसरे स्थान पर रहे। बालिका वर्ग में जयपुर की सिदिक्षा कवाड़िया ने बाजा मारी। -फ्री स्टाइल बालक वर्ग-4 की 50 मीटर रेस में सीकर के अमन सामोता प्रथम, श्रीगंगानगर के समर पुनिया दूसरे स्थान पर रहे। जयपुर की यशस्वी तिवारी जीती बालिका वर्ग में कोटा की तक्षय सिंह प्रथम, रिधीसा सिंह द्वितीय स्थान पर रही। वहीं, 100 मीटर फ्री स्टाइल में चित्तौड़गढ़ की अंशिका धाकड़ ने पहला और जयपुर की अश्विका चौधरी ने दूसरा स्थान हासिल किया। ब्रेस्ट स्ट्रोक बालिका वर्ग 100 मीटर में जयपुर की यशस्वी तिवारी पहले, जयपुर की लारा पुनिया दूसरे और सीकर की पूर्विका तीसरे स्थान पर रही।