उदयपुर की सुखेर थाना पुलिस ने एक ही रात में 5 मंदिरों में चोरी करने वाले 3 इनामी आरोपियों को गिरफ्तार किया है। थानाधिकारी भरत योगी ने बताया कि 26 सितंबर 2026 को डांगियों का गुडा गांव में चोरों ने 5 मंदिरों के ताले तोड़े थे। यहां से चांदी की मूर्तियां, छत्र और दानपेटी से नकदी चुरा ले गए थे। मामले में रिपोर्ट दर्ज होने के बाद आसपास सीसीटीवी खंगालते हुए आरोपियों की तलाश शुरू की। तीनों आरोपियों पर 5-5 हजार रुपए का इनाम घोषित किया गया। थानाधिकारी ने बताया कि मामले में आरोपी मेघाराम पिता मांगीलाल निवासी गोगुंदा, कमलेश पिता भैर निवासी गोगुंदा और भैरा राम पिता हकरा निवासी ओगणा उदयपुर को गिरफ्तार किया है। मामले में इनसे आगे पूछताछ जारी है। जिसमें और भी खुलासे की संभावना है। पुलिस ने चरवाहा और ड्राइवर बनकर की थी आरोपियों की रैकी पुलिस ने बताया कि चोर बेहद शातिर थे। वे हाईवे और सीसीटीवी कैमरों से बचकर खेतों और पहाड़ियों के रास्ते निकलते थे। पुलिस टीम ने हुलिया बदलकर दिन में चरवाहा और रात में ट्रैक्टर व जेसीबी ड्राइवर बनकर रैकी की। इस दौरान पुलिस ने स्थानीय भाषा में बातचीत की। चोरी से पहले मोबाइल बंद कर देते थे आरोपी पुलिस को इनके गोगुंदा से ओगणा मार्ग की पहाड़ियों पर छिपे होने का इनपुट मिला। जिसके बाद घेराबंदी करते हुए इन्हें वहां से पकड़ा गया। इस दौरान इन्होंने भागने की कोशिश भी की। पूछताछ में सामने आया कि ये आरोपी चोरी से पहले एक जगह एकत्रित होकर शराब पार्टी करते थे। शहर के बाहर ही अपने मोबाइल बंद कर देते थे। इसके बाद सीसीटीवी से बचने के लिए खेतों और पहाड़ियों के रास्तों से आकर वारदात को अंजाम देते थे।