उदयपुर ने देश भर में एक बार फिर राजस्थान का मान बढ़ाया है। साल 2026 के मानसून सीजन में अकेले यात्रा करने वाली यानी सोलो वीमेन ट्रैवलर्स के लिए उदयपुर को देश के टॉप 5 सबसे सुरक्षित पर्यटन स्थलों में शामिल किया गया है। भारत के 15 सबसे सुरक्षित मानसून डेस्टिनेशन की इस राष्ट्रीय सूची में उदयपुर को पांचवा स्थान मिला है। सुरक्षित माहौल, मजबूत पर्यटन व्यवस्था और शानदार मेहमाननवाजी की वजह से उदयपुर आज महिला पर्यटकों की पहली पसंद बन गया है। इस रैंकिंग के आने के बाद उम्मीद जताई जा रही है कि आगामी मानसून सीजन में यहां आने वाली महिला पर्यटकों की संख्या में बढ़ोतरी होने की उम्मीद है। इस रैंकिंग सर्वे में महिला यात्रियों की सुरक्षा, सड़क संपर्क, पर्यटन सुविधाओं और स्थानीय लोगों के सहयोग को मुख्य आधार बनाया गया है। इसके अलावा कई मशहूर ट्रैवल वेबसाइट्स, गूगल रिव्यू और पहले यात्रा कर चुकीं महिला पर्यटकों के असली अनुभवों का गहराई से विश्लेषण किया गया है। रिपोर्ट तैयार करने के लिए मुख्य रूप से पांच मानकों को देखा गया, जिनमें पुलिस द्वारा सत्यापित पर्यटन क्षेत्र, हर मौसम में सुरक्षित सड़क संपर्क, होटल और होमस्टे की बेहतरीन क्वालिटी, यात्रियों की मदद के लिए एक्टिव लोकल नेटवर्क और साल 2022 से 2025 के बीच कम भूस्खलन जोखिम वाले क्षेत्रों को शामिल किया गया है। इन सभी पैमानों पर उदयपुर बिल्कुल खरा उतरा। इस सूची में दक्षिण भारत के दो मशहूर हिल स्टेशन, कर्नाटक का कुर्ग पहले और केरल का मुन्नार दूसरे स्थान पर रहे हैं। दक्षिण के इन पहाड़ी और अच्छी बारिश वाले इलाकों के मुकाबले उदयपुर अपनी ऐतिहासिक झीलों, महलों और राजपूती मेहमाननवाजी के अनूठे संगम के कारण अलग पहचान रखता है। जहां साउथ के डेस्टिनेशंस में मानसून के दौरान तेज बारिश और घने जंगलों के बीच अकेले सफर करना थोड़ा चुनौतीपूर्ण हो सकता है, वहीं उदयपुर अपनी बेहतरीन कनेक्टिविटी, शहरी सुरक्षा और हर कदम पर मिलने वाली गाइडेंस के चलते सोलो फीमेल ट्रैवलर्स के लिए ज्यादा सुगम और सुरक्षित साबित होता है। होटल एसोसिएशन के अध्यक्ष राजेश अग्रवाल का कहना है कि यह उदयपुर के पर्यटन उद्योग के लिए एक गौरवशाली क्षण है। एसोसिएशन की ओर से लगातार पुलिस के साथ मिलकर होटल्स और होमस्टे में महिला पर्यटकों की सुरक्षा और उनकी सहूलियत पर पूरा फोकस रहता है। आने वाले दिनों में वीमेन-ओनली टूर पैकेजेस और महिला यात्रियों के लिए कस्टमाइज्ड सर्विसेज की डिमांड तेजी से बढ़ेगी, जिससे स्थानीय रोजगार को भी बढ़ावा मिल सकता है। उदयपुर को यह खास मुकाम मिलने के पीछे कई बड़ी वजहें हैं। यहां की नियमित पुलिस गश्त, स्पेशल पर्यटन पुलिस और हेल्प डेस्क महिलाओं को सुरक्षा का अहसास कराते हैं। शहर में सुरक्षित होटल, होमस्टे के साथ-साथ ऑनलाइन कैब और ऑटो की बेहतरीन सुविधाएं मौजूद हैं। सबसे खास बात यह है कि उदयपुर के स्थानीय लोगों का व्यवहार बहुत ही सहयोगी और दोस्ताना है। यहां का शांत वातावरण, पर्यटन स्थलों पर पर्याप्त रोशनी और हर भाषा समझने वाले गाइड महिला यात्रियों के भरोसे को और मजबूत करते हैं। पर्यटन विभाग की उपनिदेशक शिखा सक्सेना ने कहा कि मानसून के आते ही उदयपुर की खूबसूरती में चार चांद लग जाते हैं। इस मौसम में अरावली की पहाड़ियां बादलों से घिर जाती हैं और चारों तरफ हरियाली छा जाती है। पिछोला, फतहसागर और उदयसागर झीलों का सौंदर्य पर्यटकों को मंत्रमुग्ध कर देता है। सज्जनगढ़ की वादियों का नजारा इस मौसम में देखते ही बनता है। एक खास बात यह भी है कि मानसून के दौरान यहां भीड़भाड़ थोड़ी कम रहती है और होटल व होमस्टे के किराए 30 से 50 प्रतिशत तक कम हो जाते हैं। इससे अकेले यात्रा करने वाली महिलाओं के लिए यह सफर बेहद आरामदायक, सुरक्षित और बजट के अनुकूल बन जाता है।