उदयपुर में पंजाब राज्यपाल गुलाबचंद कटारिया के निवास से महज 50 मीटर दूर बीती देर रात चाकूबाजी की घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। घटना देर रात करीब 10:30 बजे माछला मगरा की है। जब दो युवकों ने किराना व्यापारी अक्षय सिकलीगर पर चाकू से जानलेवा हमला कर दिया। बदमाशों ने पहले उसके साथ मारपीट की। फिर चाकू से दुकानदार की जांघ पर हमला कर दिया। वही, दूसरे बदमाश ने डंडे से सिर पर वार किया। जिससे व्यापारी बुरी तरह घायल हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। आसपास लोगों की भीड़ जमा हो गई। लूट की नीयत से अटैक बताया जा रहा है कि हमलावरों ने लूट की नीयत से हमला किया था। वे दुकान की अलमारी से पैसे लेकर फरार हो गए। वहीं, आसपास लोगों ने तुरंत घायल दुकानदार को एमबी हॉस्पिटल में भर्ती कराया। जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और पूरे घटनाक्रम की जांच की जा रही है।