उदयपुर जिले में एक गांव में चार मंदिरों से लेकर गांव में चोरी करने के साथ ही चोरों के हौंसले बुलंद हो गए। गांव वालों ने अपने स्तर पर गश्त शुरू की। गश्त के तीसरे दिन ही एक दर्जन चोरों में से दो चोर गांव वालों के हत्थे चढ़ गए। आधी रात में पकड़े चोरों को पुलिस के हवाले कर दिया गया। गांव वालों ने जिन चोरों को पकड़ा वो पास के गांव से बाइक चुराकर लाए थे। यह घटना उदयपुर से करीब 58 किलोमीटर दूर सायरा थाना क्षेत्र के नांदेशमा गांव की बीती रात करीब डेढ़ बजे की है। पूरे गांव में युवाओं की टोलियां गश्त कर रही थी। गश्त का तीसरा दिन था। उनके साथ पास की ढोल पुलिस चौकी का कॉन्स्टेबल गणपत सिंह भी था। गश्त में सबको गांव की अलग-अलग गलियां और इलाके दे रखे थे। कार खड़ी कर बाजार में गश्त कर रहे नांदेशमा भाजपा युवा मोर्चा मंडल के उपाध्यक्ष कैलाश पालीवाल के साथ कुछ युवा थे। वहां पर दो संदिग्ध दिखे तो उनको संदेह हुआ। युवा उनकी तरफ बढ़े तो वे बाइक छोड़कर वहां से भाग गए, लेकिन आगे थोड़ी सी दूरी करीब 200 से 300 मीटर पर उन्होंने दोनों को पकड़ लिया। बाइकों पर एक दर्जन चोर दिखे पालीवाल ने बताया कि इसी दौरान गांव में अलग-अलग गश्त के युवाओं को भी अलग-अलग रास्ते पर बाइकों पर करीब एक दर्जन से ज्यादा संदिग्ध भागते हुए दिखे। रात करीब 1 बजकर 45 बजे गांव वालों ने इन दोनों चोरों को पकड़ लिया और अपने कब्जे में ले लिया। इस बीच आसपास गश्त कर रही पुलिस की 112 गाड़ी भी मौके पर आ गई। गांव वालों ने चोरों को पुलिस के हवाले कर दिया। पूछताछ के दौरान उनके कब्जे से ढोल गांव से चोरी की गई एक मोटरसाइकिल बरामद हुई। चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश था सायरा थाने से एएसआई शंभूसिंह ने बताया कि दोनों संदिग्धों से पुलिस पूछताछ कर रही है। रात को टीम में थाने से जितेंद्र कुमार, गणपत बिश्नाई आदि शामिल थे। पालीवाल ने बताया कि पिछले कुछ दिनों से नांदेशमा, ढोल, तिरोल और पानेर सहित आसपास के गांवों में लगातार चोरी की घटनाओं से ग्रामीणों में आक्रोश था। इसके चलते ग्रामीण रात में स्वयं गश्त कर निगरानी कर रहे थे। चार मंदिरों में हुई थी चोरी उल्लेखनीय है कि दो दिन पहले गांव में चोरों चार मंदिरों को चोरों ने निशाना बनाया। बदमाशों ने नांदेशमा गांव के जैन मंदिर, महादेव मंदिर, ठाकुर मंदिर और चामुंडा माता मंदिर के ताले तोड़ दिए। चोरों ने मंदिर से करीब 3 किमी दूरी पर पानेर के थोब स्थित एक किराना दुकान को भी निशाना बनाया घटनाओं का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आए थे। इनपुट सहयोग : गोपाल लोढ़ा, गोगुंदा
संबंधित ये खबर भी पढ़े… उदयपुर में 4 मंदिरों सहित किराना दुकान में चोरी:ठेकेदार की बाइक भी चुरा ले गए बदमाश, CCTV में दिखे 2 संदिग्ध
उदयपुर जिले के सायरा थाना क्षेत्र में देर रात चोरों चार मंदिरों को निशाना बनाया। बदमाशों ने नांदेशमा गांव के जैन मंदिर, महादेव मंदिर, ठाकुर मंदिर और चामुंडा माता मंदिर के ताले तोड़ दिए। एक ही रात में धार्मिक स्थलों पर हुई वारदात से ग्रामीणों में भारी गुस्सा और पुलिस प्रशासन के खिलाफ नाराजगी है। (पूरी खबर पढ़े…)