उदयपुर में मौसम में बदलाव के साथ रात के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल रहा है। रात में ठंडक बढ़ने लगी है, वहीं दिन में तेज धूप के कारण गर्मी का अहसास बरकरार है। पिछले चार दिनों के तापमान पर नजर डालें तो 23 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 14.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो इन चार दिनों में सबसे कम रहा। इसके बाद रात के तापमान में बढ़ोतरी हुई और 25 अक्टूबर को यह 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। 22 अक्टूबर को न्यूनतम तापमान 17.4 डिग्री सेल्सियस था। इसके बाद 23 अक्टूबर को इसमें 2.5 डिग्री की गिरावट आई। 24 अक्टूबर को तापमान बढ़कर 17.3 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया, जबकि 25 अक्टूबर को फिर गिरावट के साथ 15.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। रात के तापमान में आ रहे इस उतार-चढ़ाव के बीच सुबह और देर रात हल्की ठंडक महसूस होने लगी है। दिन में गर्मी का अहसास रात के तापमान में गिरावट के बावजूद दिन में गर्मी का असर बना हुआ है। पिछले चार दिनों में अधिकतम तापमान 33 से 34.5 डिग्री सेल्सियस के बीच दर्ज किया गया। 22 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 33.1 डिग्री सेल्सियस था, जो 25 अक्टूबर को बढ़कर 34.5 डिग्री सेल्सियस पहुंच गया। यानी दिन के तापमान में 1.4 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में बारिश की संभावना मौसम एक्सपर्ट डॉ. आर.एस.देवड़ा ने बताया कि दक्षिणी राजस्थान में अक्टूबर के अंतिम सप्ताह में कहीं-कहीं हल्की बारिश हो सकती है। साथ ही तापमान में गिरावट के चलते रात में सर्दी बढ़ेगी। वहीं दिन का तापमान स्थिर बना रहेगा। तापमान में कमी के साथ गेहूं और जौ की फसल की बुआई का यह उपयुक्त समय रहेगा। उन्होंने बताया कि गेहूं की बुआई के लिये तापमान 10 से 15 डिग्री सेल्सियस उपयुक्त रहता है।