उदयपुर में युवक की हत्या मामले में 4 आरोपियों को पुलिस ने डिटेन किया है। फिलहाल पुलिस ने इनके नाम उजागर नहीं किए हैं। डीएसपी राजीव राहर ने बताया- आरोपियों के बारे में अहम सुराग हाथ लगे हैं। जांच चल रही है। डीएसपी ने बताया- आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई का परिजनों को आश्वासन दिया है। इसके बाद परिजन और ग्रामीण बुधवार को समझाइश के बाद पोस्टमार्टम के लिए सहम​त हो गए। खैरवाड़ा सरकारी हॉस्पिटल में पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सुपुर्द किया जाएगा। फिलहाल क्षेत्र में शांति है। बता दें पाटिया थाना क्षेत्र में खेड़ाघाटी बलीचा में 30 मार्च की देर रात 6 बदमाशों ने नीलेश गरासिया (35) की तलवार से ताबड़तोड़ वार कर हत्या कर दी थी। चचेरे भाई की शादी फंक्शन से घर लौट रहा था युवक नीलेश अपने चचेरे भाई की शादी के फंक्शन में शामिल होकर स्कूटी से घर लौट रहा था। तभी बदमाशों ने हमला कर दिया था। नीलेश गरासिया (35) पिता लालजी कई साल से अहमदाबाद में बिल्डिंग ठेकेदारी का काम करता था। नीलेश कुछ दिन पहले ही गांव आया था। उसकी मौत के बाद 31 मार्च को परिजन और ग्रामीणों ने आरोपियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग को लेकर प्रदर्शन किया था। आरोपियों की गिरफ्तारी होने पर ही पोस्टमार्टम कराने की मांग पर अड़े थे। दिनभर डीएसपी राजीव राहर ने परिजनों से समझाइश की थी, लेकिन वे नहीं माने। 3 बार वार्ता भी हुई, लेकिन बात नहीं बनी। हमले से पहले शादी समारोह में भी मौजूद थे हमलावर मृतक के चचेरे भाई नरेश गरासिया ने बताया- नीलेश पर अनिल, विपिन, जयदीप, बद्री, हितेश और अन्य ने मिलकर हमला किया। इनमें आधे से ज्यादा आरोपी शादी समारोह में पहले मौजूद थे। वे हमारे बाहर निकलने का इंतजार कर रहे थे। जबकि कुछ युवक पहले से ही रोड पर खड़े थे। जैसे ही मैं और नीलेश शादी समारोह से बाहर निकले, आरोपी भी बाइक लेकर पीछे आ गए। रास्ते में अचानक स्कूटी रुकवाकर ताबड़तोड़ हमला शुरू कर दिया। एक युवक के हाथ में तलवार थी, जिससे उसने नीलेश के हाथ पर हमला किया। मैं परिजनों को बुलाने दौड़ा। कुछ मिनट बाद लोगों के साथ वहां पहुंचा तो नीलेश पूरी तरह से लहूलुहान हालत में पड़ा हुआ था। उसके मुंह, गले और हाथ पर धारदार हथियार से वार किए गए थे। जानकारी के अनुसार- नीलेश और आरोपियों के बीच लंबे समय से रंजिश थी। प्रत्यक्षदर्शी नरेश से पुलिस जानकारी लेकर आरोपियों की तलाश कर रही है। इनपुट: सतवीर सिंह चौहान, पहाड़ा