बार थाना क्षेत्र के उमर बावड़ी गांव में विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृतका के पीहर पक्ष ने ससुराल वालों पर शादी के बाद से दहेज के लिए प्रताड़ित करने का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की। विरोध के बाद पुलिस ने मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम कराकर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। संदिग्ध हालात में हुई मौत जानकारी के अनुसार, उमर बावड़ी निवासी सीमा (26) पत्नी सहजु की शुक्रवार रात संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सीमा का पीहर मुंदरी मेन्द्रातान गांव में है। घटना की सूचना मिलने पर परिजन मसूदा अस्पताल पहुंचे, जहां शव को मोर्चरी में रखवाया गया। परिजनों ने लगाए दहेज प्रताड़ना के आरोप मृतका के परिजनों का आरोप है कि करीब 5 साल पहले विवाह के बाद से ही सीमा को दहेज की मांग को लेकर ससुराल पक्ष लगातार प्रताड़ित करता था। परिजनों के अनुसार, सीमा 6 जुलाई से अपने पीहर में रह रही थी। दो-तीन दिन पहले उसका पति उसे वापस ससुराल लेकर गया और शुक्रवार रात उसकी मौत की सूचना मिल गई। अस्पताल परिसर में किया विरोध प्रदर्शन घटना से आक्रोशित पीहर पक्ष ने मसूदा अस्पताल परिसर में विरोध प्रदर्शन किया। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कराने और आरोपितों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे तथा परिजनों को उचित जांच का भरोसा देकर शांत कराया। मेडिकल बोर्ड से पोस्टमार्टम, जांच जारी पुलिस उपाधीक्षक शिवराज सिंह के निर्देश पर मेडिकल बोर्ड से शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।