कुड़गांव | नवीन ग्राम पंचायत कीरतपुरा में निर्विरोध सरपंच चुने गए मुकेश उर्फ काडू बैरवा ने पंचायत के सर्वांगीण विकास को अपनी मुख्य प्राथमिकता बताया है। दैनिक भास्कर से खास बातचीत में नवनिर्वाचित सरपंच ने कहा कि ग्रामीणों ने उन पर जो अटूट विश्वास जताया है, उस पर खरा उतरना उनकी पहली जिम्मेदारी है। वे बिना किसी भेदभाव के सभी समाजों व वर्गों को साथ लेकर कार्य करेंगे। मूलभूत सुविधाएं: सड़क, बिजली, पेयजल, शिक्षा और स्वास्थ्य जैसी बुनियादी समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान किया जाएगा। समान विकास: पंचायत के हर गांव और ढाणी तक सार्वजनिक विकास योजनाओं का लाभ समान रूप से पहुँचाया जाएगा। मुकेश बैरवा ने कहा, "मेरा उद्देश्य 'सबका साथ, सबका विकास' की भावना के साथ कीरतपुरा को विकास के नए आयामों तक पहुँचाना है। ग्रामीणों के सहयोग से क्षेत्र की हर समस्या का त्वरित निस्तारण कराया जाएगा।"