नगर निगम 1 मई से हवामहल-आमेर, सिविल लाइन, किशनपोल और आदर्श नगर जोन में डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण का यूजर चार्ज वसूलने की तैयारी कर रहा है। इन 4 नए जोनों में करीब 1.07 लाख आवासीय और 57 हजार कॉमर्शियल प्रतिष्ठान शामिल हैं। आवासीय मकानों से 20 से 150 रु. और कॉमर्शियल प्रतिष्ठानों से 250 से 5000 रु. तक प्रति माह वसूली होगी। बता दें कि निगम मुरलीपुरा, मालवीय नगर और मानसरोवर जोन में पहले से यूजर चार्ज वसूल रहा है। इन तीनों जोन से हर महीने करीब 60 लाख रुपए यूजर चार्ज आ रहा है। इसके अलावा सांगानेर, जगतपुरा, झोटवाड़ा, झालाना और वैशाली नगर जोन में भी यूजर चार्ज वसूलने की प्लानिंग की जा रही है। सिविल लाइन और किशनपोल जोन में वी-वाइस लैब्स प्रालि को और आदर्श नगर जोन में अमृत एंटरप्राइजेज को यह जिम्मेदारी दी गई है। यहां मकानों और कॉमर्शियल प्रतिष्ठानों पर आरएफआईडी कार्ड लगाए गए हैं। भुगतान के लिए लोगों को क्यूआर कोड उपलब्ध कराया जाएगा। “चारों जोन में यूजर चार्ज वसूली को लेकर कंपनियों की ओर से सर्वे पूरा कर लिया गया है। इसके बाद नोटिफिकेशन जारी कर दिया गया है। निगम अब इन जोनों में 1 मई से यूजर चार्ज लेने की तैयारी कर रहा है। हालांकि लोगों को यूजर चार्ज डोर-टू-डोर कचरा संग्रहण लागू हुआ, तब से देना चाहिए।” -मुकेश चौधरी, एक्सईएन, नगर निगम