बिहार के वैशाली में मंगलवार रात गंगा नदी में नाव पलटने से 13 बच्चों की मौत हो गई। सभी की उम्र 6 से 18 साल के बीच थी। मरने वालों में 7 बच्चियां एक ही परिवार की थीं। हादसा राघोपुर में रात करीब 8:30 बजे हुआ। 25 से ज्यादा लोग छोटी नाव में सवार होकर नदी पार कर तेरहवीं के भोज में जा रहे थे। 15 साल की चांदनी ने 2 बच्चों की जान बचाई। हादसे में घायल 4 लोगों का पटना के नालंदा मेडिकल कॉलेज हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। सभी बच्चों के शव गांव पहुंच गए हैं। परिजन ने पोस्टमॉर्टम कराने से इनकार कर दिया है। वहीं, हादसे की 24 घंटे बाद तेजस्वी यादव राघोपुर पहुंचे और पीड़ित परिवार से मुलाकात की। इस दौरान स्थानीय लोगों ने तेजस्वी का विरोध किया और कहा- इस्तीफा दे दीजिए।