हिंडोली पंचायत समिति की ग्राम पंचायत बड़ोदिया में गुरुवार को 'विकसित भारत-गारंटी फॉर रोजगार एंड आजीविका मिशन (ग्रामीण)' (वीबी-जी राम जी) योजना का जिला स्तरीय शुभारंभ किया गया। इस कार्यक्रम में पूर्व कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी और जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव उपस्थित रहे। योजना के तहत अब ग्रामीणों को वर्ष में 125 दिन का गारंटीशुदा रोजगार मिलेगा, जिसमें प्रतिदिन 300 रुपए की मजदूरी दी जाएगी। कार्यक्रम में पूर्व कृषि मंत्री डॉ. प्रभुलाल सैनी ने बताया कि पूर्व में संचालित रोजगार योजनाओं में स्थायी विकास का अभाव था और कई जगह फर्जीवाड़े के मामले सामने आए थे। उन्होंने कहा कि 'वीबी-जी राम जी' योजना आधुनिक तकनीक का उपयोग कर इन कमियों को दूर करेगी। इससे अकुशल श्रमिकों को रोजगार मिलने के साथ-साथ पंचायतों में पक्के कार्यों से स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण होगा। डॉ. सैनी ने इस योजना को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 2047 तक भारत को विकसित राष्ट्र बनाने के संकल्प में एक महत्वपूर्ण कदम बताया। डॉ. सैनी ने अपने सरपंच कार्यकाल के अनुभवों को साझा करते हुए ग्रामीणों से ग्राम सभा की शक्तियों को समझने की अपील की। उन्होंने कहा कि ग्रामीणों को सक्रिय रूप से ग्राम सभाओं में हिस्सा लेना चाहिए और अपनी समस्याओं के समाधान के प्रस्ताव पंचायत की वार्षिक कार्ययोजना में शामिल करवाने चाहिए। इसके अतिरिक्त, उन्होंने किसानों से डीएपी और यूरिया जैसे रासायनिक उर्वरकों का उपयोग कम करके जैविक खेती अपनाने का आग्रह किया। जिला कलेक्टर हरफूल सिंह यादव ने बताया कि सरकार ने इस नई योजना में कार्य दिवसों को बढ़ाकर 125 दिन और मजदूरी को 300 रुपए प्रतिदिन करके ग्रामीणों को बड़ी राहत प्रदान की है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि योजना के संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लापरवाही पाए जाने पर संबंधित व्यक्ति की सीधी जिम्मेदारी तय की जाएगी और कार्रवाई की जाएगी। जिला कलेक्टर ने तकनीकी कार्मिकों व मेट को निर्देश दिए कि वे श्रमिकों को पूरी जिम्मेदारी से टास्क आवंटित करें, ताकि पूरा काम होने पर पूरी मजदूरी मिल सके। पक्के कार्यों से होगा सुधार कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिलाध्यक्ष रामेश्वर मीणा ने कहा कि योजना में पक्के कार्य होने से ग्राम पंचायतों में तेजी से सुधार आएगा और ग्रामीण इसका अधिकाधिक लाभ उठाएं। इससे पूर्व जिला परिषद के कार्यवाहक मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला कलेक्टर (सीलिंग) रमेश देव, उपखंड अधिकारी हिण्डोली शिवराज मीणा और बीडीओ संजय कुमार मोदी ने योजना की विस्तृत तकनीकी जानकारी दी। कार्यक्रम में ये रहे मौजूद कार्यक्रम में महामंत्री संजय लाठी, बूंदी शहर उपाध्यक्ष राजेश शेरगड़िया, बड़ोदिया पंचायत प्रशासक राधेश्याम गुप्ता और पूर्व जिला परिषद सदस्य शक्तिसिंह आशावत ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम का संचालन नरेश कोटवाल ने किया।