भास्कर न्यूज | बाड़मेर भारत की अग्रणी निजी तेल एवं गैस उत्पादक कंपनी वेदांता ऑयल एंड गैस लिमिटेड (केयर्न ब्रांड) ने एक बार फिर अपनी कार्य संस्कृति का लोहा मनवाया है। कंपनी को लगातार सातवीं बार भारत के सर्वश्रेष्ठ कार्यस्थल के खिताब से नवाजा गया है। ग्रेट प्लेस टू वर्क इंडिया द्वारा जारी इंडियाज बेस्ट वर्क प्लेसेज इन एनर्जी, ऑयल एंड गैस 2026 की सूची में यह मुकाम हासिल करने वाली कंपनी इस वर्ष तेल एवं गैस क्षेत्र की इकलौती कंपनी बन गई है। वेदांता ऑयल एंड गैस की यह उपलब्धि कंपनी की उस कार्य संस्कृति को दर्शाती है, जो विश्वास, सहयोग और नवाचार पर टिकी है। कंपनी प्रबंधन ने कहा कि वे एक ऐसा वातावरण बनाने पर जोर दे रहे हैं, जहां कर्मचारियों को नई जिम्मेदारियां लेने और अपनी क्षमताओं को निखारने का पूरा अवसर मिले। कंपनी के अंतरिम मुख्य कार्यकारी अधिकारी जिम जॉनी गैस्ट ने इस सफलता पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि तेल एवं गैस उद्योग में सर्वश्रेष्ठ कार्यस्थल के रूप में मान्यता मिलना हमारे लिए गर्व की बात है। यह सम्मान ऐसे समय में मिला है जब वेदांता ऑयल एंड गैस ने शेयर बाजार में अपनी मजबूत शुरुआत की है। कंपनी का लक्ष्य प्रतिदिन 5 लाख बैरल तेल समतुल्य उत्पादन हासिल कर देश की ऊर्जा सुरक्षा को मजबूत करना है। नेतृत्व विकास, समावेशी कार्यस्थल और कर्मचारियों के कल्याण पर कंपनी लगातार निवेश कर रही है ताकि भविष्य की चुनौतियों के लिए कुशल प्रतिभा तैयार की जा सके।