उदयपुर में भूपाल नो​बल्स विद्या प्रचारिणी सभा के कब्जा दिलाने की मांग को लेकर मेवाड़ क्षत्रिय महासभा संस्थान की जिला प्रशासन के साथ सोमवार को बैठक हुई। करीब 3 घंटे तक चली बातचीत के बाद संस्थान ने 28 अप्रैल को अपना प्रस्तावित आंदोलन स्थगित कर दिया। प्रशासन ने दो दिन में इस संबंध में कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। संस्थान अध्यक्ष बालूसिंह कानावत ने बताया- आईजी गौरव श्रीवास्तव ने हमारी मांगों पर गंभीरता दिखाते हुए 2 दिन में सकारात्मक समाधान का आश्वासन दिया है। समाधान नहीं होता है तो आगे की रणनीति तय की जाएगी। बैठक में एसपी डॉ. अमृता दुहन, एडिशनल एसपी उमेश ओझा, कलेक्टर गौरव अग्रवाल, एडीएम जितेन्द्र ओझा सहित संस्थान पदाधिकारी भी मौजूद थे। चार्ज के लिए बनी है टकराव ​की स्थिति बता दें कि पूर्व प्रबंधन का कार्यकाल 12 फरवरी को समाप्त हो चुका था। इसके बाद चुनाव होने थे, लेकिन वर्तमान प्रबंधन द्वारा नए सदस्यों को जोड़ने को लेकर विवाद हो गया था। ऐसे में जो सभा के सदस्य नहीं बन सके, वे कोर्ट चले गए थे। कोर्ट ने अपने आदेश में कहा था कि सभा के प्रधान संरक्षक और अध्यक्ष विश्वराजसिंह मेवाड़ इस संबंध में निर्णय लेने के लिए स्वतंत्र हैं। इसके बाद प्रधान संरक्षक ने एडहॉक कमेटी का गठन किया था, जिन्हें चार्ज लेकर ऑडिट कराने की जिम्मेदारी दी गई थी। वर्तमान चार्ज संभाल रही कार्यकारिणी इसके लिए राजी नहीं है। ऐसे में एडहॉक कमेटी और पूर्व कार्यकारिणी में टकराव की​ स्थिति बनी हुई है।